रायपुर
कलेक्टर ने प्रेरक पुस्तक व पुष्पगुच्छ से किया सम्मानित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 जून। स्पेस किड्ज़ इंडिया के प्रतिष्ठित मिशन शक्तिसैट में रायपुर की छात्रा कु. महिमा राजपूत के राष्ट्रीय फाइनलिस्ट के रूप में चयनित होने पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। डॉ. सिंह ने महिमा को प्रेरक पुस्तक एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शासकीय आदर्श उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय तिलकनगर की छात्रा कु. महिमा राजपूत ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन एवं अपने शिक्षकों एवं प्राचार्य का धन्यवाद करती हूं जिनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से आज मैं इस उपलब्धि को हासिल की हूं। राष्ट्रीय फाइनलिस्ट के रूप में चयनित महिमा राजपूत अगस्त 2026 में नई दिल्ली में आयोजित होने वाली 8 दिवसीय शक्तिसैट कार्यशाला में भाग लेंगी।
इस मिशन में विश्व के 108 देशों की 108 चयनित छात्राएं भाग लेंगी। 23 अगस्त से नई दिल्ली में आयोजित कार्यशाला में छात्राएं मिलकर शक्तिसैट उपग्रह का निर्माण करेंगी। इनमें से एक सैटेलाइट को चंद्रमा की कक्षा में स्थापित किया जाएगा, जबकि दूसरा चंद्रमा पर। इन सैटेलाइट्स का प्रक्षेपण अक्टूबर में श्रीहरिकोटा से किया जाएगा।