रायपुर

बेटी से विवाद मना करने पर ससुर पर बोतल से हमला
22-Jun-2026 8:39 PM
बेटी से विवाद मना करने पर ससुर पर बोतल से हमला

आजाद चौक से तिल्दा तक मारपीट के चार थानों में मामला दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 जून। राजधानी में बीते दिनों चार जगहों पर मारपीट,धमकी  के मामले सामले आए हैं। इनमें खम्हारडीह,तिल्दानेवारा, आजाद चौक और उरला थाना में मामला दर्ज हुआ है। पीडि़तों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।

पहला मामला खम्हारडीह का है जहां मामूली बात पर दामाद ने ससुर के साथ मारपीट कर दी। इसकी शिकायत बीएसयूपी कॉलोनी कचना हेमंत ने की। उसने अपने दामाद पर मारपीट का आरोप लगाया है। शिकायत में बताया कि 20 जून की रात उसकी बेटी और दामाद अक्कू  यादव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। बीच-बचाव करने पहुंचे हेमंत पर दामाद नेे गाली-गलौज की और शराब की बोतल से हमला कर दिया। घटना में में हेमंत के सिर और हाथ में चोट आई। घायल को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 युवक का रास्ता रोककर पिटाई

तिल्दा-नेवरा के सासाहोली गांव में एक युवक के साथ चार लोगों ने मारपीट कर दी। इसकी शिकायत खिलेश्वर चतुर्वेदी ने थाने में दर्ज कराई। उसने बताया कि वह किराना सामान लेने जा रहा था, तभी रास्ते में खड़े चार युवक उसे देखकर जबरन गाली-गलौज शुरू कर दी।मना करने पर जान से मारने की धमकी दे हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना में युवक के चेहरे, सीने और शरीर पर चोटें आई हैं।

जमीन विवाद में पिता-पुत्र से मारपीट

बढ़ईपारा में जमीन विवाद को लेकर पिता-पुत्र से मारपीट हो गई। शिकायतकर्ता वीरेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि पड़ोसी मकान निर्माण के दौरान उनकी जमीन पर गड्ढा खोदकर कॉलम खड़ा कर रहे थे। जिसे मना करने पर आरोपी रेशम साहू और उसके परिजनों ने गाली-गलौज करते हुए बीरेंद्र के पिता को गड्ढे में धक्का दे दिया। जिसके बाद डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया गया। घटना में पिता-पुत्र दोनों घायल हो गए। जिसकी शिकायत आजाद चौक थाना में दर्ज कराई गई।

मां-बेटे ने महिला को बेल्ट,डंडे से पीटा

उधर उरला के बीरगांव में भी मामूली बात को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। इस बीच हेमलता ने पड़ोसी दौलत टंडन और उसकी मंा पर मारपीट का आरोप लगाई है। उसने बताया कि  20 जून को दौलत टंडन और उसकी मां ने उसे अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर हाथ-मुक्कों, बेल्ट और डंडे से मारपीट की गई। घटना में महिला के हाथ, पीठ, गाल और जांघों में चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट