रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 जून। कंट्रक्शन कारोबारी से सीमेंट की खरीदी के नाम पर 4.80 लाख की साइबर ठगी हो गई। पीडि़त ने गूगल पर दिए अल्ट्राटेक कम्पनी सर्च कर कॉल किया था। अज्ञात ने खुद को कम्पनी का मैनेजर बताते हुए सीमेंट का आर्डर लेकर ऑनलाइन खाते में 4.80 लाख रूपए ट्रांसफर कराकर धोखाधड़ी कर दी। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ 318-4 का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस के मुताबिक न्यू राजेंद्र नगर निवासी कमल कलवानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी फर्म जी.के. कंस्ट्रक्शन के कर्मचारी ने अप्रैल 2026 में गूगल पर अल्ट्राटेक सीमेंट के एरिया सेल्स मैनेजर का संपर्क नंबर खोजा था। संपर्क करने पर मोबाइल धारक ने खुद को अल्ट्राटेक सीमेंट का छत्तीसगढ़ सेल्स मैनेजर बताते हुए बाजार से कम दाम पर सीमेंट दिलाने का भरोसा दिया।
आरोपी ने 2000 बोरी सीमेंट का आर्डर लेकर एडवांस की मांग की और व्हाट्सएप के माध्यम से अल्ट्राटेक कंपनी का फर्जी परचेज ऑर्डर और बैंक डिटेल भेजा। जिसपर भरोसा कर कमल ने 27 से 29 अप्रैल के बीच तीन किश्तों में 4 लाख 80 हजार रुपए उसके बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए।
रकम जमा होने के बाद आरोपी लगातार सीमेंट भेजने का आश्वासन देता रहा। लेकिन समय बीत जाने के बाद भी माल नहीं भेजी। शक होने पर कमल ने अल्ट्राटेक सीमेंट के रायपुर स्थित कार्यालय में जाकर पूछताछ की, जहां जांच में भेजा गया परचेज ऑर्डर फर्जी पाया गया।