रायपुर

पीएमश्री उत्कृष्ट विद्यालय में सामूहिक योगाभ्यास
21-Jun-2026 8:08 PM
पीएमश्री उत्कृष्ट विद्यालय में सामूहिक योगाभ्यास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अभनपुर , 21 जून। रविवार को पीएमश्री उत्कृष्ट विद्यालय अभनपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक इंद्रकुमार साहू एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का आयोजन नगर पालिका परिषद अभनपुर के सहयोग से पीएमसश्री विद्यालय में हुआ। इस अवसर पर विधायक ने कहा- हमें योग को अपने दैनिक दिनचर्या के रूप अपनाना चाहिए एवं अपने घर परिवार और सभी समाज के लोगों को योग करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।

 अभनपुर की प्राचार्या डॉ. तारा त्रिपाठी ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए योग व्यायाम बहुत जरूरी है ।प्रतिदिन सुबह और शाम योगाभ्यास करने की आवश्यकता हैं।

इस योग शिविर के मुख्य सूत्रधार प्रसिद्ध योग आचार्य नागेंद्र साहू रहे। उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को बेहद सरल और प्रभावी तरीके से योग के विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया। आसन और प्राणायाम: आचार्य जी ने ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, और भ्रामरी व अनुलोम-विलोम प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए उनके शारीरिक और मानसिक लाभों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों को एकाग्रता बढ़ाने और मानसिक तनाव से दूर रहने के लिए ध्यान  के महत्व को समझाया।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक हेमन्त कुमार साहू ने किया। उन्होंने कहा कि  योग केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक कला है। यदि हमारे बच्चे आज से ही योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे, तो वे भविष्य में एक स्वस्थ और सशक्त राष्ट्र का निर्माण करेंगे।

आयोजन में प्रमुख रूप से मुख्य नगर पालिका अधिकारी नीलेश केरकेट्टा ने सभी उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन के लिए सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस कार्यक्रम में राजा राय पूर्व पार्षद, हरीश पांडेय, कमल सोनी, कुलदीप अग्रवाल, दुष्यंत चौहान, सुमीत तिवारी, अप्पू तिवारी, विद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं और कर्मचारीगण पूरी निष्ठा के साथ योग परिधान में उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से योग की विभिन्न मुद्राओं का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने दैनिक जीवन में योग को अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।


अन्य पोस्ट