रायपुर

फिरौती मांगने युवक को बंधक बना कार में घुमाते रहे, दो पर एफआईआर
20-Jun-2026 7:10 PM
फिरौती मांगने युवक को बंधक बना कार में घुमाते रहे, दो पर एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 जून। किराए की कार वापस करने गए युवक को बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी और रूपयों की मांग के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 127 (1),137 (2),351 (2) दर्ज किया है।

राजेंद्र नगर महावीर नगर निवासी तुषार बसंतवानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 18 जून की रात वह अपने घर के पास था। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला लक्की पाहुजा उसके पास पहुंचा। लक्की ने बताया कि वह रूबल छाबड़ा की कार किराये पर चलाता है और किराया नहीं दे पाने के कारण गाड़ी वापस करना चाहता है। उसने तुषार से कार रूबल छाबड़ा को देने को कहा। इसके बाद तुषार कार लेकर राजेंद्र नगर स्थित पुजारी पेट्रोल पंप पहुंचा, जहां रूबल छाबड़ा मिला। रूबल ने पेट्रोल भरवाने के बाद तुषार को घर छोडऩे की बात कह उसे कार में बिठाया। जिसके बाद रूबल ने घर छोडऩे के बजाय कार को हाईवे की ओर ले गया। तुषार के विरोध करने पर लडक़ों ने उसका मोबाइल छीन लिया और उसके साथ मारपीट की।

तुषार ने बताया कि रूबल ने उसे एक घंटे के भीतर अपने भाई से 5 लाख रूपए मंगवाने की धमकी दी। इसके बाद उसने तुषार के भाई ऋषभ खतरी से फोन पर बात कर पैसे की मांग की। बाद में आरोपी उसे भिलाई ले गया, जहां उसका भाई अनमोल भी मिला।  आरोप है कि दोनों ने उसे एक स्थान पर बैठाकर रखा और पैसे नहीं मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। रूबल छाबड़ा उसे कार में बैठाकर वापस मेन रोड की ओर ले गया और रास्ते में उसके साथ हाथापाई की। इसी दौरान कुम्हारी थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई और दोनों को थाना ले गई।


अन्य पोस्ट