रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 जून। न्यू राजेंद्र नगर इलाके में दो साल पहले काम दिलाने का झांसा देकर किशोरी के साथ रेप के मामले में चतुर्थ फास्ट ट्रैक विशेष अदालत ने आरोपी शुभम शुक्ला 23 को धारा 376(1) के मामले में दोषी ठहराते हुए 12 साल सश्रम कारावास और 500 रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है। अदालत ने सुनावाई के दौरान पॉक्सो एक्ट की धारा 4(1) के आरोप में उसे दोषमुक्त किया है।
अपर सत्र न्यायाधीश एवं फास्ट ट्रैक विशेष न्यायाधीश पॉक्सो गिरीश कुमार मंडावी ने शुक्रवार को यह फैसला सुनाया। आरोपी मूल रूप से एमपी के मऊगंज जिले का निवासी है। वर्तमान में अमलीडीह स्थित बरडिया विहार में किराये के मकान में रह रहा था।
वकील मोनिष बोस ने बताया कि पीडि़ता अपने मामा के लडक़े के साथ काम की तलाश में 23 जून 2024 को रायपुर आई थी। रेलवे स्टेशन पर उसकी मुलाकात दो युवकों से हुई। उन्होंने उसे काम दिलाने का झांसा दिया और अमलीडीह स्थित एक मकान में ले गए। अगले दिन जब पीडि़ता का भाई ड्यूटी पर चला गया, तब आरोपी शुभम शुक्ला ने उसके कमरे में जबरन घुसकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। पीडि़ता ने अपने रिश्तेदार को घटना कीपूरी जानकारी दी। जिसके बाद उन्होंने राजेंद्रनगर थाना जाकर 25 जून 2024 को शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376 आईपीसी और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने पूछताछ कर आरोपी शुभम शुक्ला को गिरफ्तार किया। जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
विचारण के दौरान अदालत ने पाया कि आरोपी ने नौकरी दिलाने का भरोसा देकर पीडि़ता और उसके रिश्तेदार का विश्वास हासिल कर पीडि़ता के अकेले होने का फायदा उठाकर अपराध को अंजाम दिया। न्यायालय ने पॉक्सो एक्ट की धारा 4(1) के तहत आरोपी शुभम शुक्ला 23 को धारा 376 (1) के तहत दोषी ठहरा सजा सुनाई। साथ ही पीडि़ता को 5 लाख क्षतिपूर्ति राशि देने का आदेश भी दिया गया है।