रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 जून। राजधानी के टिकरापारा, डीडीनगर और सरस्वती नगर इलाके में तीन चोरियों के मामले सामने आया है। इनमें सोने की नेकलेस, लाखों रुपए के जेवर-नकदी और एक लैपटॉप चोरी की घटना शामिल है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ 305ए और 331-4 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऐसा ही खरोरा के ग्राम मटियाडीह स्थित एक फार्महाउस में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर घरेलू और विद्युत उपकरणों की चोरी कर ली। चोरी गए सामान की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
सड्डू स्थित शिवाजी पार्क निवासी रत्ना रॉय, जो नरदहा के एनएच गोयल स्कूल में शिक्षिका हैं, ने शिकायत दर्ज कराई है कि ग्राम मटियाडीह में उनके नाम से एक एकड़ भूमि पर फार्महाउस बना हुआ है। फार्महाउस की देखरेख के लिए चौकीदार कमलेश वर्मा को रखा गया है। जो रोज सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक वहां रहता है। 17 जून की शाम चौकीदार मकान में ताला लगाकर घर चला गया था। अगले दिन फार्महाऊस पहुंचने पर उसने देखा की मकान का ताला टूटा हुआ है। घर में चोरी होने की जानकारी उसने रत्ना रॉय के पति को दी। मौके पर पहुंचकर जांच करने पर मकान से समर्सिबल पंप के दो पैनल, 40 मीटर केबल वायर, चार सीलिंग फैन, दो एग्जॉस्ट फैन, गैस सिलेंडर, तीन बर्नर वाला गैस चूल्हा, आईएफबी कंपनी का माइक्रोवेव, मिक्सर ग्राइंडर, ट्यूब लाइट, फैंसी लाइट, बड़ी टॉर्च तथा पर्दे और रॉड समेत अन्य सामान गायब मिला। इसके अलावा अज्ञात चोरों ने बिजली बोर्ड में भी तोडफ़ोड़ की।
उधर टिकरापारा इलाके के छत्तीसगढ़ नगर स्थित एचपी गैस गोदाम के पास रहने वाली रमकंती ने शिकायत दर्ज कराई है कि 25 मार्च 2026 को अपनी एक सोने की नेकलेस आलमारी के लॉकर में रखी थी। 15 जून को जब उन्होंने नेकलेस निकालने के लिए लॉकर खोला तो वह गायब था। घर के सभी लोगों से पूछताछ करने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। चोरी गई नेकलेस की कीमत करीब 47,900 रुपये बताई गई है।