रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 जून। पुरानी बस्ती, मुजगहन और गोबरा नवापारा थाना में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के तीन अलग-अलग मामले दर्ज हुए हैं। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुशालपुर आदिवासी कॉलोनी में रहने वाले आकाश ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 17 जून की रात 11.30 बजे मोहल्ले में कुछ युवक आपस में विवाद कर रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले का पिंटू नामक युवक उसके घर के पास आकर गाली-गलौज करने लगा और घर खाली कर जाने की बात कहने लगा। जिसका आकाश के विरोध करने पर आरोपी ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देकर पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में आकाश को चोंट आई। बीच-बचाव करने आई उसकी बहन अंजना धृतलहरे के साथ भी आरोपी पिंटू ने धक्का देकर गिरा दिया।
मुजगहन थाना इलाके के बीएसयूपी कॉलोनी कचना में किराना दुकान संचालित करने वाले अक्षय ने शिकायत दर्ज कराई है कि 17 जून की रात 10.30 बजे दुकान बंद करने के दौरान फरीद नाम व्यक्ति 500 रुपये का छुट्टा लेने आया था। जिसे मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर हाथ मुक्कों से मारपीट की गई। दुकान में रखा सामान भी फेंक दिया। इसके बाद आरोपी ने लोहे की रॉड से अक्षय हमला किया। बीच-बचाव करने आई उसकी मां और पत्नी से भी धक्का-मुक्की की गई।
गोबरा नवापारा के ग्राम पोड़ निवासी फलेस ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि गुरूवार रात 8.30 बजे वह घर में खाना खा रहा था। इसी दौरान पड़ोसी आदित्य वर्मा ने उसे पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
जिसे मना करने पर आरोपी डंडा लेकर घर के सामने पहुंच गया। जिसके बाद फिर से गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दे कर डंडे से मारपीट शुरू कर दी। विवाद होता देख आदित्य के पिता राकेश वर्मा भी वहां पहुंचा और फलेस से डंडे से मारपीट की। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं का अपराध दर्ज जांच कर रही है।