रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 जून। छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की प्रदेश स्तरीय बैठक रविवार को डंगनिया स्थित चंद्राकर समाज भवन में आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, आरक्षण, जातिगत जनगणना और पिछड़ा वर्ग के राजनीतिक प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जगन्नाथ साहू ने की।
बैठक में विभिन्न पिछड़ा वर्ग समाजों के प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, समाज प्रमुख और संगठन पदाधिकारी शामिल हुए। सर्वप्रथम छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
बैठक में ‘एक प्रदेश-एक संगठन’ के सिद्धांत पर सहमति व्यक्त की गई। साथ ही जिन जिलों में संगठन का विस्तार नहीं हुआ है, वहां समाज प्रमुखों की मौजूदगी में संगठन विस्तार करने का निर्णय लिया गया। सरगुजा और बस्तर संभाग में पिछड़ा वर्ग के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को बढ़ाने, जातिगत जनगणना कराने तथा आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर संगठन के प्रदेश, संभागीय और युवा प्रकोष्ठ के विभिन्न पदों पर नई नियुक्तियों की घोषणा की गई। प्रदेश संरक्षक मंडल में विभिन्न समाजों के वरिष्ठ पदाधिकारियों को शामिल किया गया। नरेश राजवाड़े को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया। वहीं पवन धीवर, मनोहर निषाद, पवन साहू, जागेश्वर सिंह ठाकुर, रवि देवांगन और धरमदास साहू को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया।
संभागीय स्तर पर नवीन जायसवाल को सरगुजा, प्रवीण साहू को रायपुर, श्याम कार्तिक जायसवाल को बिलासपुर तथा महेंद्र साहू को दुर्ग संभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। युवा प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी कोमल निषाद को सौंपी गई।
बैठक में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए सामाजिक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। बैठक के अंत में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और पिछड़ा वर्ग के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का संकल्प लिया गया।