रायपुर

शिक्षक कल्याण संघ ने संयुक्त संचालक को सौंपा ज्ञापन
18-Jun-2026 3:53 PM
 शिक्षक कल्याण संघ ने संयुक्त संचालक को सौंपा ज्ञापन

नियुक्ति तिथि से पेंशन देने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अभनपुर, 18 जून। प्रदेश शिक्षक कल्याण संघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष नारायण सोनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर संभाग के संभागीय संयुक्त संचालक संजीव श्रीवास्तव से मुलाकात कर मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री, शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव और शिक्षा सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने वर्ष 1998-99 से नियुक्त शिक्षकों को उनकी प्रथम नियुक्ति तिथि से पेंशन का लाभ देने की एक सूत्रीय मांग रखी है।

संघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष नारायण सोनी ने बताया कि वर्तमान में वर्ष 1998 और 1999 से कार्यरत सैकड़ों शिक्षक बिना पेंशन लाभ के सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिससे उनके समक्ष आर्थिक समस्याएं आ रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 तक सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के सामने भी यही स्थिति निर्मित हो रही है। इसी के मद्देनजर संगठन द्वारा शासन-प्रशासन से निरंतर यह मांग की जा रही है कि इन शिक्षकों को उनकी नियुक्ति तिथि से पेंशन प्रदान की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने संभागीय संयुक्त संचालक संजीव श्रीवास्तव से शिक्षकों की पदोन्नति तथा विभागीय प्रक्रियाओं से संबंधित अन्य विषयों पर भी चर्चा की और आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया।

इस अवसर पर प्रदेश शिक्षक कल्याण संघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष नारायण सोनी, प्रदेश सचिव नवीन चंद्राकर, संभाग अध्यक्ष खेदूराम चंद्राकर सहित शिवनारायण तिवारी, पंचराम पांडे और पीताम्बर बंजारा प्रमुख रूप से उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट