रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 जून। छत्तीसगढ़ में मानसून की देरी के कारण जून के तीसरे सप्ताह में भी गर्मी का असर बना हुआ है। सोमवार सुबह हल्की बदली और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी से तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन दोपहर होते-होते तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। इसके चलते लोगों को उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तरी छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की चेतावनी जारी की गई है।
इस बीच राजधानी रायपुर के मौसम में भी अगले 24 घंटों के दौरान बदलाव देखने को मिल सकता है। आसमान में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार समुद्र तल पर मौसमी द्रोणिका पंजाब से बिहार तक हरियाणा और उत्तर प्रदेश होते हुए गुजर रही है। इसके अलावा निचले वायुमंडल की पश्चिमी हवाओं में बनी एक द्रोणिका पूर्वी बिहार से दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक फैली हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में आगामी दिनों में वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं और अगले कुछ दिनों में छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक हो सकती है।


