रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 जून। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों के भीतर छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश की संभावना जताई है। लेकिन उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है।
आमतौर पर छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री बस्तर संभाग के रास्ते होती है और इसके बाद धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में सक्रिय होता है। लेकिन इस बार कुछ अलग दिखाई दे रही है। मानसून अभी प्रदेश की सीमा से कुछ दूरी पर बना हुआ है, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में प्री-मानसूनी बारिश दर्ज की जा रही है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वातावरण में नमी बढऩे और स्थानीय मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने के कारण सरगुजा संभाग सहित उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। दूसरी ओर बस्तर संभाग, जहां से मानसून प्रदेश में प्रवेश करता है, वहां अभी भी बारिश नहीं हो रही है।
मौसम विभाग का कहना है कि अनुकूल परिस्थितियां बनी रही तो अगले 48 से 72 घंटों में मानसून छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकता है। इसके बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढऩे की संभावना है।
फिलहाल रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार बने हुए हैं।


