रायपुर

रंजिश को लेकर महिला और उसके परिजनों से मारपीट, हाथ मुुक्का-डंडे से हमला
13-Jun-2026 7:43 PM
रंजिश को लेकर महिला और उसके परिजनों से मारपीट, हाथ मुुक्का-डंडे से हमला

मकान मालिक पर मारपीट की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 जून। राजधानी और आसपास के इलाकों में बीते दिनों महिला और उसके परिवार के साथ पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने के मामले सामने आए हैं।  इनमें मोहल्ले के बदमाश और पड़ोसियों पर मारपीट करने का आोप लगा है। पीडि़तों की शिकायत पर पुलिस ने 115(2), 3(5), 351(2), 296 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक राजेंद्र नगर स्थित सतबहनियां मंदिर के पास रहने वाली हेमिन यादव ने शिकायत दर्ज कराई, कि उसके बेटे के साथ सूरज मसीह का विवाद हुआ था। जिसके बाद उसी रात सूरज मसीह अपने पिता दीन मसीह के साथ पहुंचा और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई। बीच-बचाव करने पहुंची हेमिन यादव और उनके पति शिव प्रसाद यादव के साथ भी मारपीट की गई।

उधर टिकरापारा के भैरव नगर में किराए के मकान में रहने वाली भगवंतीन ने अपने मकान मालिक गोलू ठाकुर, सोनू ठाकुर और अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। भगवंतीन ने बताया कि मकान में मेहमानों के आने से पानी की समस्या होने की बात कहकर आरोपियों ने मकान खाली करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर गाली-गलौज कर मारपीट की। घटना में भगवंती को चोंटे आई।

इधर खरोरा के ग्राम कठिया में भी पुरानी रंजिश को लेकर महिला से मारपीट का मामला सामने आया। ऊषा ने बबलू मारकण्डेय, गोलू उर्फ विनोद मारकण्डेय और अन्य लोगों पर घर घुसकर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और डंडे से मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना में ऊषा के अलावा उनके पति संतोष मारकण्डेय और बेटी चांदनी भी घायल हुए हैं।

वहीं बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा क्षेत्र निवासी दिलीप ने ग्राम कनकी में आयोजित छठी कार्यक्रम के दौरान मारपीट किए जाने की शिकायत दर्ज कराई है। दिलीप के अनुसार राजकुमार वर्मा ने शराब के नशे में उसके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर अपने साथियों के साथ मिलकर हाथ मुक्कों से हमला कर दिया। चारों मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट