रायपुर
आज शाम आंधी, गरज चमक की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 जून। छत्तीसगढ़ में मानसून की आहट के साथ मौसम का मिजाज बदलने लगा है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अनुकूल परिस्थितियों के चलते अगले दो से तीन दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने की पूरी संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और बारिश होने के आसार हैं।
शनिवार को भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं कुछ इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवा चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। प्रदेश में अधिकतम तापमान राजनांदगांव जिले में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों में बारिश की गतिविधियां बढऩे के साथ तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।