रायपुर

रामकृष्ण केयर में राष्ट्रीय आंकोलॉजी सम्मेलन कल से
12-Jun-2026 9:23 PM
रामकृष्ण केयर में राष्ट्रीय आंकोलॉजी सम्मेलन कल से

देशभर के 300 से अधिक डॉक्टर - शोधकर्ता होंगे शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 जून। रामकृष्ण केयर अस्पताल में 13 और 14 जून को राष्ट्रीय ऑन्कोलॉजी शिखर सम्मेलन ‘ऑन्कोस्फीयर 2.0’ का आयोजन किया जा रहा है । दो दिवसीय यह सम्मेलन होटल बेबिलोन इंटरनेशनल में आयोजित होगा। जिसमें देशभर के 300 से अधिक ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ, चिकित्सक, शोधकर्ता शामिल होंगे।

सम्मेलन में कैंसर उपचार के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम शोध, प्रिसिजन मेडिसिन, इम्यूनोथेरेपी, मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स और टार्गेटेड थेरपी जैसी उन्नत तकनीकों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके अलावा जटिल क्लिनिकल मामलों, उपचार पद्धतियों और कैंसर देखभाल से जुड़े नवाचारों पर भी विचार-विमर्श होगा।

कार्यक्रम में वैज्ञानिक सत्र, मुख्य व्याख्यान, बहु-विषयक पैनल चर्चाएं और केस-आधारित शिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। सम्मेलन का उद्देश्य कैंसर उपचार के क्षेत्र में ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में विशेषज्ञों के बीच सहयोग को मजबूत करना है।

सम्मेलन से पूर्व आयोजित प्रेस वार्ता में रामकृष्ण केयर अस्पताल के प्रबंध निदेशक एवं क्लिनिकल डायरेक्टर डॉ. संदीप दवे ने कहा कि भारत में कैंसर उपचार के क्षेत्र में तेजी से बदलाव आ रहा है।

 चिकित्सा विज्ञान, तकनीक और व्यक्तिगत उपचार पद्धतियों में हुई प्रगति से मरीजों को बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘ऑन्कोस्फीयर 2.0’ देश के  विशेषज्ञों को एक मंच प्रदान करेगा। जहां वे अपने अनुभव साझा कर कैंसर उपचार के मानकों को और बेहतर बनाने पर चर्चा करेंगे।

वरिष्ठ ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. रवि जायसवाल ने कहा कि ऑन्कोलॉजी का क्षेत्र लगातार विकसित हो रहा है और नई तकनीकों ने कैंसर के निदान एवं उपचार की प्रक्रिया को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन चिकित्सकों को नवीनतम उपचार पद्धतियों से अपडेट रहने और जटिल मामलों पर विशेषज्ञों के साथ चर्चा करने का अवसर प्रदान करेगा।


अन्य पोस्ट