रायपुर

सिंधी बाजार इलाके में जया ऑटोमोबाइल में भीषण आग, टायर-ट्यूूब, एसेसरीज खाक
11-Jun-2026 8:35 PM
सिंधी बाजार इलाके में जया ऑटोमोबाइल में भीषण आग, टायर-ट्यूूब, एसेसरीज खाक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 जून। राजधानी के मौदहापारा थाना क्षेत्र के  जया ऑटोमोबाइल के गोदाम में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। जो दोपहर में बुझाई जा सकी। यह विशाल दुकान मौदहापारा थाने के सामने सिंधी बाजार कॉम्प्लेक्स रोड पर  स्थित है। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच ग?ई।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे, जब  जया आटोमोबाइल के साथ आसपास की दुकानें खुल रहीं थीं। जया आटोमोबाइल की पहली मंजिल स्थित  गोदाम से अचानक काला धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखे टायर व अन्य सामान इसकी चपेट में आ गए। गोदाम के भीतर से ब्लास्ट की भी आवाज आती रहीं। आग इतनी तेज थी कि इसकी लपटें दूसरी, तीसरी मंजिल के साथ आसपास की दुकानों तक पहुंचने लगीं ।हालांकि वह चपेट में नहीं आईं। सूचना मिलते ही  मौदहापारा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया।  पुलिस ने  बेरिकेडिंग कर आसपास का रास्ता खाली कराया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा।

दमकल की एक के बाद एक 4 गाडिय़ा आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। दुकान की उपरी तीनों ही मंजिल गोदाम बने हुए हैं। जहां लाखों का सामान खचाखच भरा हुआ है।  उपर  जाने वाली सीढिय़ां काफी छोटी छोटी होने से दमकल कर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने पहले पाइप पानी से ही बुझाया । उसके बाद भीतर गए। इस मशक्कत के चलते अधिक गाडिय़ां लगीं। और आगे बुझाने में समय भी लगा।

वहीं दुकान के नीचे खड़े कई दोपहिया वाहनों को पुलिस कर्मियों ने घसीट कर बाहर निकाला। इस दुकान में छोटे बड़े वाहनों के  पार्ट्स भी बेचे जाते हैं। आग इसके टायर गोदाम में लगी। इसमें टायर ट्यूब, लेदर प्लास्टिक के सीट कवर, और अन्य एसेसरीज भी भरे हुए थे। जो पूरी तरह से खाक हो गए।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की  वजह माना जा रहा है। घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।घटना स्थल पर मौजूद कारोबारियों और कर्मचारियों के बीच आग को लेकर तरह तरह की चर्चाएं होती रहीं। कुछ इसे बीमे से भी जोड़ रहे थे।  बता दें कि पिछले दिनों मौदहापारा के बांबे मार्केट स्थित सेंट्रल बैंक के जोनल आफिस में भी आग लगी थी।

आधी रात टाटीबंध में भी आग

इससे पहले बीती रात टाटीबंध में भी आगजनी की घटना हुई । भारत माता स्कूल के सामने स्थित शापिंग परिसर में अयप्पा स्टेशनरी में आग लगी थी। यह आग रात करीब 2.30 बजे लगी। आमानाका पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से तडक़े आग पर काबू पाया। इस बचाव कार्य में फायर ब्रिगेड की तीन गाडिय़ां इस्तेमाल की गई। यह आग शार्ट सर्किट से लगी । रात पूरे परिसर की दुकानें बंद होने से कोई जनहानि नहीं हुई।


अन्य पोस्ट