रायपुर

मारपीट के बाद इलाज का खर्च नहीं दिया, एफआईआर
11-Jun-2026 8:32 PM
मारपीट के बाद इलाज का  खर्च नहीं दिया, एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 जून। राजधानी रायपुर में बीते दिनों आजाद चौक, गंज और सरस्वती नगर इलाके में मारपीट और गाली गलौज की घटनाएं सामने आई है। इनमें मेट्रो बार में शराब पार्टी के दौरान विवाद के बीच बीयर बोतल से हमला हुआ। वहीं गंज के चुनाभट्टी अंडरब्रिज के पास युवक से मारपीट और और सरस्वती नगर में मारपीट के बाद इलाज का पैसा नहीं देने की बात पर विवाद हो गया। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं का अपराध दर्ज कर कार्रवाई की।

ेंन्यू टिंबर मार्केट फाफाडीह निवासी अनिल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह 9 जून की रात अपने दोस्तों आलोक पाटले, वेद प्रकाश श्रीवास और चंद्रप्रकाश साहू के साथ आमापारा चौक स्थित मेट्रो बार में शराब पीने गया था। इसी दौरान सामने की टेबल पर बैठे युवकों ने उनकी बातचीत पर विरोध जताते हुए विवाद किया। युवकों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। इनमें से दो युवकों ने बीयर की खाली बोतल से हमला कर दिया। जिससे अनिल घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्तों के साथ भी मारपीट की गई। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। बार के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।

उधर एमपी शहडोल निवासी जो वर्तमान में चुनाभट्टी में रहने वाले सियाराम प्रजापति ने शिकायत दर्ज कराई है कि मंगल की रात 8 बजे वह रेलवे स्टेशन से पैदल अपने मकान लौट रहा था। इसी दौरान चुनाभट्टी अंडरब्रिज के पास दो अज्ञात युवकों ने उसे रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी।

विरोध करने पर दोनों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और पत्थर से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसका बैग भी फाड़ दिया। झूमाझटकी के दौरान उसकी जेब में रखे दो हजार रुपये भी गिर गए।

वहीं कुकुरबेड़ा निवासी आकाश ने समीर और लक्की के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। आकाश के मुताबिक 6 जून को दोनों युवक उसके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाने लगे। कारण पूछने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। लक्की ने डंडे से हमला किया। जिससे उसके हाथ की उंगली, घुटने, पीठ और सिर में चोट आई थी। घटना के बाद आरोपियों के परिजनों ने इलाज का खर्च देने का आश्वासन दिया था। इस कारण रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थीं। बाद में इलाज का खर्च देने से इनकार करने पर उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।


अन्य पोस्ट