रायपुर

5 ग्राम एमडी ड्रग्स और 4.59 किलो गांजे के साथ 4 गिरफ्तार
11-Jun-2026 8:19 PM
5 ग्राम एमडी ड्रग्स और 4.59 किलो गांजे के साथ 4 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 जून। राजधानी पुलिस ने दो बड़ी कार्रवाई करते हुए 4.59 किलो गांजा और 5 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) पाउडर बरामद किया है। उरला और सिविल लाइन पुलिस की कार्रवाई में दो युवकों समेत एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

उरला थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेटल पार्क चौक के पास दो युवक बिक्री के लिए गांजा लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने ग्राम निमोरा निवासी 19 वर्षीय शैलेन्द्र कुमार पटेल और उरला निवासी 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से बैग में रखे चार पैकेटों से 4.590 किलो गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की कीमत 1.80 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।

वहीं सिविल लाइन थाना पुलिस ने शांति नगर स्थित शिव मंदिर के पास एक युवक को नशीले पदार्थ की बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर अफसर कादर (35) निवासी नूरानी चौक, राजा तालाब को पकड़ा।

तलाशी के दौरान उसके पास से एक जिपर पॉलिथीन में रखी 5 ग्राम एमडी पाउडर (मेफेड्रोन) बरामद हुई। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करीब 25 हजार रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।  टिकरापारा पुलिस ने दो युवकों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8.75 ग्राम हेरोइन और बिक्री रकम सहित 1.72 लाख रुपए से अधिक का सामान जब्त किया है।

पुलिस को बुधवार शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड भाठागांव के गेट नंबर-2 के पास दो युवक हेरोइन लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर टिकरापारा पुलिस और साइबर टीम ने मौके पर पहुंचकर संदेह के आधार पर हरप्रीत सिंह मट्टू 26 निवासी न्यू खुर्सीपार, भिलाई और ऋषि साहू 26 निवासी बिलाईगढ़, हाल निवासी सुंदर नगर रायपुर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक प्लास्टिक की झिल्ली में रखे 8.75 ग्राम हेरोइन बरामद किया। बरामद हेरोइन की कीमत 1.70 लाख  बताई गई है। इसके अलावा आरोपियों के पास से 2050 रुपए नकद भी जब्त किए गए।

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (बी) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


अन्य पोस्ट