रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जून। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिनसे देश के करोड़ों बुजुर्गों को लाभ मिला है। विशेष रूप से 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने का निर्णय स्वागतयोग्य है।
महासंघ ने केंद्र सरकार से मांग की है कि पेंशन को आयकर से पूर्णत: मुक्त किया जाए अथवा पेंशनरों के लिए आयकर छूट की सीमा में पर्याप्त वृद्धि की जाए। इसके अतिरिक्त 80 वर्ष की आयु से मिलने वाली अतिरिक्त पेंशन की व्यवस्था को 65 वर्ष की आयु से प्रारंभ किया जाए, सभी पेंशनरों एवं परिवार के लिए देशभर में कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू की जाए तथा न्यूनतम पेंशन में सम्मानजनक वृद्धि सुनिश्चित की जाए। महासंघ के जे पी मिश्रा, अनिल गोल्हानी, प्रवीण कुमार त्रिवेदी, आलोक त्रिवेदी, एन आर साहू, लोचन पांडेय, उर्मिला शुक्ला टी पी सिंह, शैलेन्द्र सिन्हा, आर जी बोहरे, ओ डी शर्मा आदि ने कहा कि रेल यात्रा में वरिष्ठ नागरिकों को पूर्व में प्राप्त किराया छूट को पुन: प्रारंभ किया जाना चाहिए।


