रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जून। राज्यपाल रमेन डेका से आज लोक भवन में पीसीसीएफ अरुण कुमार पांडे, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, निगम आयुक्त सम्बित मिश्रा, सीसीएफ मणिवासगन एस डीएफओ लोकनाथ पटेल ने मुलाकात की । इस दौरान राज्यपाल ने शहर और नया रायपुर में लगाए गए वृक्षों के संरक्षण एवं सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने पर बल दिया है।
राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पौधे लगाने के बाद उनकी सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केवल अत्यावश्यक परिस्थितियों में ही वृक्षों की कटाई की अनुमति दी जाए।
राज्यपाल ने शहर में बड़े वृक्षों के पास से ट्री गार्ड हटाने तथा जहां वृक्षारोपण किया गया है वहां पेड़ों के चारों ओर बने कंक्रीट ढांचे को हटाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पेड़ों की जड़ों तक पर्याप्त मात्रा में पानी और हवा पहुंचना जरूरी है, तभी उनका समुचित विकास हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम जैसे अभियान व्यापक स्तर पर चलाए जा रहे हैं। वृक्षारोपण के बाद उनकी देखभाल पर पर्याप्त ध्यान दिया जाए, जो भी पौधे लगाए जाएं, उनकी नियमित निगरानी और सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि वे विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकें।
विशेष पिछड़ी जनजातियों के बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दें- डेका
नया सत्र शुरू होने से पहले राज्यपाल श्री डेका से स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉक्टर कमलप्रीत सिंह ने भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने राज्य के विशेष पिछड़ी जनजाति बहुल क्षेत्रों में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजातियों के बच्चों के छात्रावास सुविधा, विद्यालयीन अधोसंरचना और शिक्षकों की उपलब्धता से जुड़े विषयों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाना चाहिए।


