रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जून। प्रेदश में मानसून की एंट्री से पहले ही उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में अच्छी बारिश हुई है। ंमंगलवार को दर्ज आंकड़ों में प्रदेश के सरगुजा में 22.3 मिमी बारिश दर्ज किया गया। वहीं रायगढ़ में 15.5, बलरामपुर 14.6, गरियाबंद में 10.6 मिमी बारिश हुई। वहीं मौसम विभाग ने बुधवार देर शाम तक कई जिलों में अंधड़ बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इस बीच कई हिस्सों में चिपचिपी गर्मी और उमस देखने को मिली है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में इसकी दस्तक हो सकती है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के विभिन्न इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज आंधी-तूफान की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं अगले दो दिनों में हवा की गति बढक़र 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में उत्तर छत्तीसगढ़ के तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून वर्तमान में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और बिहार की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी मानसून के प्रवेश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन चुकी हैं। पिछले 24 घंटों में शंकरगढ़, मंदिर हसौद और खरोरा में 10-10 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा प्रदेश के अन्य कुछ क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हुई है।
राजधानी में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। उमस बनी रहने के साथ शाम के समय गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।


