रायपुर

ट्रिपल आईटी के प्रोफेसर से साइबर ठगी, 1.08 लाख खाते से पार
09-Jun-2026 7:23 PM
ट्रिपल आईटी के प्रोफेसर से साइबर ठगी, 1.08 लाख खाते से पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 जून। नवा रायपुर में एक प्रोफेसर से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ट्रिपल आईटी नवा रायपुर में पदस्थ सहायक प्राध्यापक कृष्णानंद विश्वकर्मा के बैंक खाते से अज्ञात साइबर ठगों ने 1 लाख 8 हजार रुपये निकाल लिए। मामले की शिकायत रखी थाना में दर्ज  हुई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ 318-4 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 कृष्णानंद विश्वकर्मा उम्र 34  जो प्राध्यापक निवास 90-बी/103 ट्रिपल आईटी नवा रायपुर में रहते हैं, जो ट्रिपल आईटी में सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि 5 जून  को उनके मोबाइल  पर स्टेट बैंक खाते से 44 हजार रुपये, 44 हजार रुपये और 20 हजार रुपये कटने का मैसेज आया था।  खाते से राशि कटने की जानकारी लेने उसने अपने लैपटॉप के माध्यम से नेट बैंकिंग लॉगिन कर खाते की जांच की।

जांच के दौरान उन्हें पता चला कि उनके बैंक खाते में मोहम्मद फैजन नाम के व्यक्ति बेनिफिशियरी के रूप में जुड़ा हुआ है।  यह व्यक्ति कैसे जुड़ा इसकी जानकारी नहीं। इसके लिए कोई ओटीपी नहीं आया। इसके बावजूद व्यक्ति का नाम जुड़ा मिला। इसके बाद खाते की ट्रांजेक्शन हिस्ट्री देखने पर तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से  1 लाख 8 हजार रुपये निकाले गए थे।

इस पर कृष्णकांत ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने अवैध तरीके से उनके नेट बैंकिंग खाते में छेड़छाड़ कर रकम ट्रांसफर किया गया। ठगी होने पर उसने राखी थाना में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर  राखी पुलिस ने धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खाते के ट्रांजेक्शन विवरण, संबंधित बैंक खातों की जानकारी, साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट