रायपुर

संतोषी नगर में नाबालिग और उसके चचेरे भाई से मारपीट
08-Jun-2026 7:06 PM
संतोषी नगर में नाबालिग और उसके चचेरे भाई से मारपीट

उरला में चाय दुकान चलाने वाली महिला से छेड़छाड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 जून। रविवार को सुबह से लेकर शाम तक मारपीट की घटनाएं सामने आई है। इनमें टिकरापारा, पंडरी और उरला थाना में प्रकरण दर्ज हुए हैं। 

संतोषी नगर निवासी अमीन मेमन ने शिकायत दर्ज कराई है कि 7 जून  की रात 10 बजे वह अपने चचेरे भाई मन्नत खान के साथ बाइक से दावत खाने जा रहा था। मुस्लिम हाल के पीछे चौरसिया कॉलोनी के पास मोहल्ले के राहुल शर्मा और अमित शर्मा ने उनकी बाइक रोक ली।

दोनों ने शराब पीने के लिए पैसे की मांग की और पैसा देने से इनकार करने पर गाली-गलौज शुरू कर दी। जिसका विरोध करने पर राहुल और अमित शर्मा ने हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट की। हमले में अमीन, मन्नत को चोटें आईं। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

उधर मोवा के कांपा बस्ती निवासी लोकेश चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई है कि रविवार की रात घर में खाना बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान उसके पिता दिलीप कुमार चौधरी और छोटे भाई सूर्यकांत चौधरी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

दोनों ने लोकेश को जान से मारने की धमकी देकर स्टील की गंजी से उसके सिर और कंधे पर हमला किया। उसके रिश्तेदार अजीत कोसले ने बीच-बचाव किया।

उरला में चाय की दुकान चलाने वाली महिला से मारपीट हो गई।  चंद्रिका ने बताया कि 2 जून की शाम 3.20 बजे उनकी दुकान पर पास की कंपनी में काम करने वाले राज बहूर शर्मा, संतोष सिंह और अन्य लोग पहुंचे। उन्होंने पहले अभद्र व्यवहार किया और विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद सभी ने मिलकर हाथ-मुक्कों और लातों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना में चंद्रिका के घुटने, पीठ और गले के पास चोटें आईं। मामले की जानकारी बाद में उन्होंने अपने पति यादराम भारती को दी। जिसके बाद उसने थाना जाकर लिखित  शिकायत दी है। पुलिस ने तीनों ही मामलों में आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं का अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट