रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 जून। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील यादव महासंघ की रविवार को शहीद स्मारक भवन स्थित कार्यालय में कार्यकारिणी बैठक हुई। इसमें अगले तीन माह में किए जाने वाले सेवा कार्यों का कैलेंडर जारी किया गया। इस अवसर पर श्रीकांत यादव का पुष्पगुच्छ एवं स्मृतिचिन्ह देकर सम्मान किया गया।
महासचिव निरंजन सिंह यादव ने बताया कि विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर रविवार 14 जून को मॉडल ब्लड बैंक, आंबेडकर अस्पताल, मेकाहारा, रायपुर में प्रात: 11:00 बजे से लेकर दोपहर 2:00 बजे तक सर्व यादव समाज के युवक युवती और अन्य इच्छुक और सक्षम लोगों से 51 यूनिट ब्लड डोनेट करवाने का लक्ष्य रखा गया है। जुलाई में कारगिल विजय दिवस के आसपास महिलाओं की एक विशाल मीटिंग का आयोजन किया जा रहा है जिसमें वह अपने दमखम पर यादव समाज और संगठन को आगे ले जाने का रोडमैप बताएंगी। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस को धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया।
अध्यक्ष जितेंद्र बहादुर यादव, उपाध्यक्ष सुश्री शोभा यादव एवं कोषाध्यक्ष रामलाल यादव ने यादव वीर अहीर सदन के जोरा स्थित प्रस्तावित भवन निर्माण के लिए यादव समाज के अतिरिक्त अन्य समाज के गणमान्य दानदाताओं से संपर्क कर सहयोग राशि एकत्रित करने का प्रताव रखा। महेश यादव एवं लाल बाबू यादव ने टाटीबंध क्षेत्र में सामाजिक बैठक रखने की सलाह दी। मीटिंग में श्रीमती किरण यादव, राजेश यादव, शशिकांत यादव, अशोक यादव, सुजीत सिंह, उपेंद्र यादव, सोमेंद्र यादव, राहुल यादव भी शामिल हुए।


