रायपुर

12 साल से जनता सिर्फ परेशान हो रही - तन्खा
07-Jun-2026 8:15 PM
12 साल से जनता सिर्फ परेशान हो रही - तन्खा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 जून। मप्र से राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा आज रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा में केंद्र सरकार के 12 साल के कामकाज पर उन्होंने कहा कि देश में पिछले कुछ सालों से आम जनता सिर्फ परेशान हो रही है। इस सरकार में अमीर और अमीर होते जा रहे हैं। जनता की जेब खाली हो रही है। यह सरकार की नीतियों की सबसे बड़ी नाकामी है।

एलपीजी सिलेंडर के बढ़ते दाम और महंगाई पर  100 दिन में मंहगाई कम करने के पीएम मोदी के पुराने दावों को याद दिलाया। तन्खा बोले, प्रधानमंत्री देश को विश्वगुरु बताते थे। बड़ी-बड़ी चुनौतियां खत्म करने की बात करते थे। लेकिन आज नतीजा क्या है? महंगाई आसमान छू रही है। मिडिल क्लास के लिए यह सबसे बड़ी मुसीबत का समय है। उन्होंने साफ कहा कि यह सरकार सिर्फ पूंजीवादियों की है।

तन्खा रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3261 के एक बड़े प्रोग्राम में शामिल होने आए हैं।सांसद ने बताया कि उनका यह दौरा पूरी तरह निजी है। रोटरी क्लब उनका पैशन है। आज रायपुर के होटल में मप्र, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के रोटरी लीडर्स को सम्मानित किया जाएगा। इस खास कार्यक्रम में नेपाल से रोटरी इंटरनेशनल के डायरेक्टर भी रायपुर पहुंचे हैं।

अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री के 10 साल में देश 10वें स्थान पर रहा- साय

इससे पहले सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि आज इस देश का सौभाग्य है कि  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं।पहले यूपीए की सरकार लगातार 10 वर्षों तक रही और उस समय के प्रधानमंत्री एक बड़े अर्थशास्त्री माने जाते थे। इसके बावजूद देश की अर्थव्यवस्था वैश्विक स्तर पर लंबे समय तक लगभग 10वें स्थान के आसपास बनी रही। लेकिन जब नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने, तो अपने अथक परिश्रम, दूरदर्शी नेतृत्व और प्रभावी नीतियों के बल पर उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाते हुए विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित कर दिया है।


अन्य पोस्ट