रायपुर

सेंट्रल बैंक जोनल आफिस में ब्लास्ट के साथ आग, डिजिटल और कई पेपर फाइलें खाक
06-Jun-2026 7:02 PM
सेंट्रल बैंक जोनल आफिस में ब्लास्ट के साथ आग, डिजिटल और कई पेपर फाइलें खाक

सफाईकर्मी और सुरक्षागार्ड ने दी सूचना, डेढ़ घंटे में बुझा ली गई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 जून। राज टॉकीज के सामने सेंट्रल बैंक में आज सुबह आग लग गई। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है।  मौके पर मौजूद स्टाफ का कहना है कि शाट सर्किट की वजह हो सकती है। दमकल टीम और मौदहापारा पुलिस आग बुझाने में जुट गई है। आग लगभग 8 बजे  लगी। यहां के सफाई कर्मचारी और गार्ड ने बताया कि कुछ ब्लास्ट जैसा आवाज आया था। उसके बाद धुआं उठा और आग तेजी से फैली।

बैंक पहुंच के रास्ते और पूरा परिसर संकरे इलाके में होने से दमकल टीम को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल की छोटी बड़ी 5-6 गाडिय़ों की मदद ली गई। बैंक का यह छत्तीसगढ़ जोनल आफिस है। इस आग में कई कंप्यूटरों में सेव  डिजिटली और कागजी फाइलें बड़ी संख्या में जलने की खबर है। ये लोन से संबंधित होने की जानकारी मिली है। इसे लेकर बैंक  स्टाफ में ही तरह-तरह की चर्चाएं हैं। इनमें कुछ कॉर्पोरेट लोन से संबंधित कागजात भी बताए गए हैं।

मौदहापारा थानेदार दीपक मिश्रा ने बताया घटना सुबह 8.30 बजे के आसपास की है। जोनल आफिस में सुरक्षा गार्ड और सफाई कर्मी मौजूद थे। सफाई कर्मी ने बताया कि वह आफिस की लाइटें जलाकर कर काम कर रहा था कि आग लगी। बैंक के जिस सेक्शन में लगी उसे गार्ड के साथ बुझाने का प्रयास किया। लेकिन बढ़ती आग को देख बाहर आ गए और अपने अधिकारियों को सूचना दी। 9.30 बजे बैंक अधिकारियों की सूचना पर मौदहापारा थाने बल मौके पर पहुंच इलाके को अपने घेरे में लिया। तब तक फायर ब्रिगेड, कमांडेंट होमगार्ड-एसडीआरएफ की टीम भी पहुंच कर आग बुझाने में जुट गईं। जिसे डेढ़ दो घंटे में बुझा लिया गया। मिश्रा ने बताया कि पुलिस की फोरेंसिक टीम,बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर नुकसान की जांच और आंकलन किया जाएगा। इसमें जान का नुकसान नहीं हुआ है। कोई भी व्यक्ति बैंक के भीतर नहीं था। कीमती वस्तुओं या  नगदी जलने की भी सूचना नहीं है। दस्तावेज क्या जले हैं इसकी जानकारी ली जाएगी।

 

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने किया निरीक्षण

आग बुझने के बाद कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि  घटना कार्यालय बंद होने के समय हुई, इसलिए किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। भवन और दस्तावेजों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।बचाव कार्य में एसडीएम  नंद कुमार चौबे, जिला सेनानी नगर सेना  पुष्पराज सिंह, तहसीलदार  राममूर्ति दीवान सहित संबंधित अधिकारी भी सक्रिय थे।


अन्य पोस्ट