रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 जून। रायपुर सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा कि पंडरी स्थित पुराना बस स्टैंड में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क का निर्माण किया जाना सभी दृष्टि से उचित है। इससे सरकार को राजस्व की दृष्टि से लाभ होगा और व्यापारियों को भी सुविधा होगी।
उन्होंने पत्र में लिखा कि मुख्य मार्ग पर स्थित होने से यहां सर्राफा व्यवसाय की सुरक्षा एवं व्यापारिक सुविधा दोनों का ध्यान रखा जा सकेगा। प्रस्तावित पार्क में सर्राफा व्यवसाय से संबंधित सभी विभागों जैसे रिटेल, होलसेल , मैनुफैक्चरिंग , हॉलमार्किंग सेंटर , रिफाइनरी , प्रशिक्षण केंद्र , व्यापारियों के ठहरने की जगह , एसोसिएशन के केंद्र आदि के लिए अलग अलग बिजनेस टॉवर की व्यवस्था इसमें होनी चाहिए ताकि सुरक्षा संबंधी व्यवस्था सुदृढ़ रहे।
हरख मालू ने बताया कि वे पूर्व में भी मुख्यमंत्री जी से भी चर्चा के दौरान इस विषय पर बात कर चुके हैं। आज पुन: उन्होंने पत्र द्वारा सुझाव देकर पंडरी स्थित बस स्टैंड में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क के निर्माण का अनुरोध किया है।
अतिरिक्त लाभ-श्री मालू ने कहा कि इस जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क से लगभग 5000+ प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार का सृजन होगा। एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत छत्तीसगढ़ के गोल्ड ज्वेलरी शिल्प को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा मिलेगा।


