रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 जून। रायपुर में स्टंटबाजी का एक और मामला सामने आया है। एक कार में सवार दो युवक रील बनाने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। घड़ीचौक से तेली बांधा रोड जाने वाले जीई रोड पर चलती कार में खतरनाक स्टंट करते युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दो युवक चलती कार की सनरूफ और खिडक़ी से बाहर निकलकर डांस कर रहे हैं। इस दौरान कार सडक़ पर तेज रफ्तार में चल रही है। वीडियो में युवकों की हरकतें न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करती नजर आ रही हैं, बल्कि यह सडक़ पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी खतरा पैदा कर रही हैं। कार का नंबर सीजी 04 पीएन 1405 है। ट्रैफिक पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर तलाश शुरू कर दी है।
रायपुर यातायात पुलिस द्वारा शहर में नियमित रूप से रात्रि गश्त, चेकिंग अभियान और ड्रंक एंड ड्राइव कार्रवाई की जा रही है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर चालानी कार्रवाई के साथ कई मामलों में वाहन चालकों को न्यायालय तक पेश किया जाता है। इसके बावजूद शहर में स्टंटबाजी और रील बनाने का चलन लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है।


