रायपुर

तहसीलदारों को अजय चंद्राकर की सीख
02-Jun-2026 6:14 PM
तहसीलदारों को अजय चंद्राकर की सीख

प्रदेश में धरना प्रदर्शन जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 जून। उप तहसील राजापुर, तहसील मैनपाट के नायब तहसीलदार  तुषार मानिक और विधायक रामकुमार टोप्पो विवाद पर मंत्री स्तरीय बैठक में हल न निकलने के बाद तहसीलदारों का आंदोलन जारी है। इस पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने तहसीलदारों को सीख,सलाह दी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में निर्वाचित जनप्रतिनिधि की गरिमा होती है। जनप्रतिनिधि का सम्मान करना चाहिए। उनको देखना चाहिए कि लक्ष्मण रेखा किसने लांघी।

 मारपीट के संबंध में आज तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने गहरा रोष एवं चिंता व्यक्त की है।  राजधानी जिले के तहसीलदारों ने काम बंद कर तुता धरना स्थल पर प्रदर्शनरत हैं।

संघ द्वारा बताया गया कि  27 मई की घटना का ब्यौरा देते हुए कहा कि  यह घटना केवल एक अधिकारी के साथ हुई व्यक्तिगत घटना नहीं है, बल्कि संपूर्ण राजस्व प्रशासन, न्यायालयीन व्यवस्था एवं विधिसम्मत प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गरिमा पर सीधा आघात है।

घटना के विरोध में   तृतीय वर्ग संघ के पूर्व प्रांत अध्यक्ष विजय कुमार झा, छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ,  राजस्व पटवारी संघ ने भी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कठोर कार्यवाही की मांग की गई है।

छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की समस्त जिला कार्यकारिणियों द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार 1 जून  से प्रदेश के समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट अनिश्चितकालीन कलमबंद, कामबंद एवं सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं।


अन्य पोस्ट