रायपुर

जीवन में ऐसा कार्य करें जिसमें लेना नहीं, देना हो-डेका
01-Jun-2026 7:39 PM
जीवन में ऐसा कार्य करें जिसमें लेना नहीं, देना हो-डेका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 जून। राज्यपाल रमेन डेका ने आज लोक भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में एसओएस बालिका गृह माना की बालिकाओं से  संवाद और अंगदान एवं देहदान का संकल्प लेकर मानवता की सेवा का संदेश देने वाले 75 नागरिकों को सम्मानित किया।

राज्यपाल ने बालिका गृह की बेटियों से कहा कि वे समाज और राष्ट्र का भविष्य हैं। शिक्षा, अनुशासन, आत्मविश्वास और परिश्रम के बल पर जीवन में कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बालिकाओं से अपने सपनों को कभी छोटा न समझने और निरंतर सीखते हुए आगे बढऩे का आह्वान किया।

उन्होंने बालिकाओं को नियमित रूप से पुस्तकें पढऩे की आदत विकसित करने की सलाह दी। विशेष रूप से सफल व्यक्तियों की जीवनी पढऩे पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इससे यह समझने का अवसर मिलता है कि कठिन संघर्षों और निरंतर प्रयासों के बाद लोग सफलता के शिखर तक पहुंचे हैं। ऐसी प्रेरक कहानियां जीवन में आगे बढऩे का साहस और संकल्प देती हैं।

 राज्यपाल ने बालिकाओं के साथ संवाद किया और उनकी जिज्ञासाओं तथा प्रश्नों का समाधान किया। उन्होंने बालिकाओं को उपहार स्वरूप स्टेशनरी सामग्री भेंट की। बालिकाओं ने भी राज्यपाल को  उपहार भेंट कर अपना स्नेह व्यक्त किया।

कार्यक्रम में राज्यपाल ने अंगदान एवं देहदान का संकल्प लेने वाले  75 नागरिकों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। रायपुर जिले के कलेक्टर गौरव सिंह को भी इस क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि अंगदान के प्रति जागरूकता बढऩे से अनेक लोगों को नया जीवन मिल सकता है।

कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव डॉक्टर सी आर प्रसन्ना, विधिक सलाहकार श्रीमती सत्यभामा दुबे, अन्य अधिकारी कर्मचारी, अंगदान एवं देहदान करने वाले नागरिक गण, बालिका गृह की बालिकाएं तथा उनके शिक्षक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट