रायपुर

100-100 रूपए देने पर कचरा लेते हैं सफाई कर्मी
01-Jun-2026 7:35 PM
100-100 रूपए देने पर कचरा लेते हैं सफाई कर्मी

बिना गाना बजाए उन्हीं घरों से कचरा ले जाते हैं जिन्होंने यह पैसा दिया हो

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 जून। दलदल सिवनी वार्ड क्षेत्र में इन दिनों कचरा संग्रहण मासिक शुल्क पर होने लगा है।  सफाई वाहन के कर्मचारी हर घर से  100 रुपए शुल्क लेकर कचरा ले रहे हैं। इस संबंध में जौन कमिश्नर का कहना है कि ऐसा कोई भी शुल्क निगम ने नहीं लगाया है।

इलाके के रहवासियों का कहना है कि सफाई कर्मी घरों से तभी कचरा लेते हैं जब घरवालों ने यह शुल्क दिया हो या देने की सहमति दी हो। ऐसे घरों में बैल बजाकर कचरा संग्रहण करते हैं। अन्यथा सफाई वाहन गली सोसायटी से घूमकर निकल जाएंगे। ऐसे लोगों को पता न चलने इसके लिए वे गाडिय़ों में बजने वाला स्पीकर और गाना भी नहीं बजाते। इतना ही नहीं ऐसे लोगों को पता न चले इसलिए ये सुबह के  फिक्स टाइम के बजाय दोपहर से पहले किसी भी समय आकर उन घरों से कचरा लेकर चले जाते हैं।इन्हें पैसे देकर कचरा देने वाले लोगों ने बताया कि हर घर से 100-100 रूपए मासिक शुल्क तय कर रखा है। यह नहीं देने पर कचरा गाड़ी डालने वाला कर्मचारी गाड़ी से नहीं उतरता। और घर वालों को ही कचरा डालना पड़ता है। सेवारत पति पत्नी वाले घरों में कचरा शनिवार इतवार के अवकाश तक पूरे घरों में ही रह जाता है। उन दिनों में भी तब ही लिया जाता है जब 100-100 रूपए दिए गए हों।

यहां बता दें कि घर घर कचरा संग्रहण का काम रामकी ग्रुप के द्वारा कराया जा रहा है। इनके कर्मी कम वेतन-भत्तों को लेकर बीते छह माह में तीन से चार आंदोलन कर चुके हैं। वहीं रामकी को निगम से 78 करोड़ रुपए बकाया बिल लेना है। यहां यह कहना अनुचित नहीं होगा कि ये सफाई कर्मी लोगों से यह अघोषित शुल्क लेकर अपने वेतन भत्तों की कमी पूरी कर रहे हैं।

वहीं एक दूसरी समस्या और भी है। नाली और गलियों में सफाई झाड़ू करने वाले कर्मचारी भी एक एक हफ्ते बाद आते हैं।  ठेकेदार के सफाई कर्मी भी बिना पैसे लिए घर के सामने की नालियां साफ नहीं करते । नहीं देने पर नाली का कचरा  घर के सामने पड़े पड़े सूख कर  हवा आंधी में फिर से नालियों में भर जाता है।

यहां बता दें कि जोन कमिश्नर ने पिछले दिनों दो बार सफाई ठेकेदार को सफाई में लापरवाही और कम उपस्थिति को लेकर चेतावनी दे चुके हैं। उसके बाद भी स्थिति जब की तस बनी हुई है।


अन्य पोस्ट