रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 31 मई। छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन रायपुर संभाग की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, सामाजिक समरसता तथा विभिन्न समाजों को एक मंच पर लाने संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए रायपुर संभाग अध्यक्ष ईश्वर पटेल ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य सभी समाजों को एक सूत्र में जोडऩा तथा जातिगत सीमाओं से ऊपर उठकर छत्तीसगढिय़ा समाज की एकजुट शक्ति को मजबूत करना है। जिला अध्यक्ष नारायण सोनी ने कहा कि छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन निरंतर सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में जनहितकारी कार्यों के माध्यम से समाज को संगठित करने का प्रयास कर रहा है।
संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आगामी 7 जून को एक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में अभनपुर क्षेत्र एवं आसपास के लगभग 40 समाज प्रमुखों का सम्मान किया जाएगा तथा उन्हें संगठन की विचारधारा, उद्देश्यों एवं कार्ययोजनाओं से अवगत कराया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों एवं संगठन के पदाधिकारियों को एक साझा मंच प्रदान कर सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय स्थापित कर संगठन को मजबूत आधार प्रदान करना है।
बैठक में प्रमुख रूप से रायपुर जिला अध्यक्ष नारायण सोनी, संभाग उपाध्यक्ष फतीश साहू, हेमलाल ध्रुव, डॉ. मधुसूदन पटेल तथा संतोष साहू महासचिव सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


