रायपुर
पूर्व में भी कसडोल में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज
विभागों में जान पहचान बताकर कई लोगों को झांसे में लिया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 मई। वन विभाग में वनरक्षक पद पर सीधी भर्ती कराने का झांसा देकर 11 लाख की ठगी के मामले में आरोपी ने नौकरी लगवाने का भरोसा दिला किश्तों में रकम वसूली की और बाद में फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। प्रकाश कुमार ठाकुर ने देर रात सरस्वती थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सोनाखान निवासी प्रकाश कुमार ठाकुर ने पुलिस को बताया कि वह वर्तमान में बेरोजगार हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात रायपुर निवासी दीपराज गायकवाड़ से हुई। आरोपी ने वर्ष 2023 में वन विभाग में निकले वनरक्षक भर्ती के 1484 पदों में से कुछ पद खाली होने और सीधी भर्ती की प्रक्रिया चलने की बात कही।
दीपराज गायकवाड़ ने प्रकाश को भरोसा दिलाया कि वह उसकी वनरक्षक पद पर सरकारी नौकरी लगवा सकता है। सरकारी नौकरी के चक्कार में प्रकाश आरोपी के झांसे में आ गया, और उसके कहेनुसार मांगी गई रकम उसे दे दी। 11 जून 2025 से 28 मई 2026 के बीच आरोपी ने विभिन्न किश्तों में यूपीआई खाते के माध्यम से 10 लाख रुपए ट्रांसफर करवाए। इसके अलावा रायपुर के डंगनिया स्थित बिजली कार्यालय के पास एक लाख रुपए नगद लिए गए।
इस प्रकार आरोपी ने 11 लाख लिए। कुछ दिन बाद आरोपी ने वन विभाग का फर्जी नियुक्ति पत्र प्रकाश दे दिए। नियुक्ति पत्र मिलने पर प्रकाश ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। जिसके बाद उसने वन विभाग कार्यालय में संपर्क किया। जांच में पता चला कि नियुक्ति आदेश फर्जी है, और ऐसा कोई चयन या नियुक्ति नहीं हुई है।
प्रकाश ने धोखाधड़ी का एहसास होने पर आरोपी से रकम वापस मांगे, तो वह टालमटोल करने लगा। 11 माह बीत जाने के बाद भी पैसा वापस नहीं किया गया। तब प्रकाश ने आरोपी दीपराज गायकवाड़ थाना में शिकायत दर्ज कराई। आरोपी पूर्व में भी धोखाधड़ी का आरोपी है। लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी कर रहा है।
पुलिस ने शिकायत पर आरोपी दीपकराज के खिलाफ धारा 318-4, 338,336-3, 340-2 का अपराध दर्ज किया है।
चार धाम यात्रा का टिकट बुक कराने अज्ञात ने लगाया 90 हजार चूना
रायपुर, 30 मई। चार धाम यात्रा का टिकट बुक कराने के नाम पर एक व्याख्याता से साइबर ठगी हो गई। अज्ञात मोबाइल धारक ने केदारनाथ और चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट बुक करने 90 हजार ठग लिए। अज्ञात आरोपी ने खुद को सरकारी कर्मचारी बता कर ठगी की। मामले में कोतवाली पुलिस ने 318-4 का अपराध दर्ज किया है। शैलेन्द्र नगर निवासी के. राज गोपाल, जो रिटायर्ड व्याख्याता हैं। अपने परिवार के साथ केदारनाथ एवं चारधाम यात्रा पर जाने की योजना बना रहे थे। इसके लिए उन्होंने हेलीकॉप्टर बुक कराने इंटरनेट पर सर्च किया था। सर्च के दौरान उसे उत्तराखंड सरकार और पवन हंस हेलीकॉप्टर सेवा की वेबसाइट में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया।
फोन रिसीव करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम संदीप रावत बताया और खुद को पर्यटन विभाग का सरकारी कर्मचारी बताया। उसने हेलीकॉप्टर टिकट बुक करने के लिए एडवांस राशि जमा करने को कहा। जिसपर राजगोपाल उसके झांसे में आ गए और उसने 11 मार्च को बताए गए बैंक खाते में 45 हजार रुपए ट्रांसफर किए। इसके बाद 23 मार्च को उसी खाते में दोबारा 45 हजार रुपए जमा कर दिए।
इस तरह उसने 90 हजार रुपए आरोपी के खाता में जमा करा दिए। एक माह बाद भी टिकट बुक नहीं किया गया। इस पर पूछताछ करने नम्बर पर कॉल करने पर आरोपी ने उसे बीमा कराने 16 हजार रुपए जमा करने की मांग की। जि पर राज गोपाल को ठगी का शक हुआ। उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी उन्हें लगातार टालता रहा। बाद में आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर दिया। तब राज गोपाल ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई इसके बाद उसने कोतवाली जाकर लिखित आवेदन दिया है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। बताए गए बैंक खाते, मोबाइल नंबर और ऑनलाइन लेनदेन से आरोपी की तलाश की जा रही है।


