रायपुर
रायपुर, 30 मई। देश में बढ़ती मंहगाई के बीच छत्तीसगढ़ वन विभाग ने भी नवा रायपुर के नंदनवन जू और जंगल सफारी का प्रवेश शुल्क और अन्य शुल्क में बढ़ोतरी कर दी है।
नई प्रस्तावित दरों के अनुसार 6 से 12 साल तक के बच्चों का टिकट 25 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये और 12 वर्ष से अधिक आयु के आगंतुकों का टिकट 50 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये किया गया है। विदेशी नागरिकों को अब 200 रुपए की जगह 500 रुपए देने होंगे।वहीं दिव्यांगजन और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को वैध पहचान पत्र के आधार पर फ्री एंट्री जारी रहेगी। हालांकि सुविधा यह वीकेंड, सार्वजनिक अवकाश और अन्य सरकारी छुट्टियों पर नहीं होगी। सफारी के लिए 6 से 12 वर्ष के बच्चों का टिकट सामान्य बस में 100 रुपए, एसी बस में 150 रुपए और इलेक्ट्रिक बस में 175 रुपए लगेंगे। वयस्कों के लिए यह 150, 200 और 250 रुपए होगा. विदेशी पर्यटकों से सफारी के लिए 750 रुपए से 1250 रुपए लिए जाएंगे। जिप्सी से सफारी घूमने के लिए प्रति व्यक्ति 700 रुपए और पूरी जिप्सी लेने पर 3,500 रुपए देना होगा। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए यह दर 350 रुपए प्रति व्यक्ति और 2,000 रुप?ए प्रति जिप्सी रखी गई है।
वहीं विदेशी पर्यटकों को प्रति व्यक्ति 1,500 रुपए और प्रति जिप्सी 7,000 रुपए शुल्क देना होगा।
फोटोग्राफी के लिए एक दिन का 5000 रुपए और कमर्शियल वीडियोग्राफी या फिल्म शूटिंग के लिए एक दिन का 15,000 रुपए शुल्क देना होगा। यह अनुमति संबंधित अधिकारियों की स्वीकृति के अधीन होगी.
सरकारी स्कूलों के कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को फ्री एंट्री दी जाएगी। वहीं कक्षा 9 से 12 तक के सरकारी स्कूलों के बच्चों को 50 प्रतिशत और निजी स्कूलों के छात्रों को 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी।


