रायपुर

गुढिय़ारी में फैक्ट्री, नर्मदापारा की दुकान से सप्लाई, रेलवे ने की कार्रवाई
30-May-2026 6:52 PM
गुढिय़ारी में फैक्ट्री, नर्मदापारा की दुकान से सप्लाई, रेलवे ने की कार्रवाई

रेलवे लोगो का दुरुपयोग कर छोटी साइज के पेपर कप बनाने वाली फर्म पर कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 मई। रायपुर स्टेशन से आधा किमी दूर में बन रहे थे छोटी साइज़ के चाय काफी के कप। इस फैक्ट्री में न जाने कब से 170/ 150 एम एल साइज़ के कप के बजाय छोटी साइज के बना कर वेंडरों को सप्लाई किया जा रहा था। और न जाने कब से यात्री इनमें चाय काफी लेकर ठगे जा रहे थे। अर्से बाद  इसकी भनक लगने के बाद इस  फैक्ट्री पर  सीनियर डीसीएम ने कार्रवाई की।

रेल प्रशासन का दावा है कि सीडीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी ने रायपुर स्टेशन पर स्टाल में चाय के उपयोग में आने वाले कप की क्षमता पर संदेह होने पर जांच की। उसमे पता चला की रवि ट्रेडिंग नर्मदापारा से कप स्टेशन पर सप्लाई होते थे उससे पूछताछ की गई।  उन्होंने गुढिय़ारी स्थित आदित्य पेपर फर्म से आईआरसीटीसी के लोगो के चाय के कप खरीदना बताया। आदित्य पेपर फर्म के संचालक से एसडीएम रायपुर नंद कुमार चौबे, नापतोल विभाग के निरीक्षक जीवंत सिंह कंवर ने पूछताछ की।  रायपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त जांच टीम द्वारा की गई कार्रवाई में छोटी साइज़ कप के 14 बोरे पकडे गए । नापतोल विभाग के निरीक्षक 20 कप की मापन क्षमता चेक करने की लिए एवं 14 बोरे सील कर जप्त किये ।

संबंधित संचालकों को भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है। इस कार्यवाही में  मुख्य वाणिज्य निरीक्षक टी नाग, अभिजीत डे, धनंजय, चीफ़ पब्लिसिटी इंस्पेक्टर शिवप्रसाद भी शमिल रहे।

श्री  त्रिवेदी ने कहा कि यात्रियों को परोसे जाने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों के लिए निर्धारित गुणवत्ता एवं मात्रा मानकों का पालन अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की अनियमितता, फर्जी ब्रांडिंग अथवा लोगो के दुरुपयोग को गंभीरता से लिया जाएगा।

रेलवे ने यात्रियों से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी प्रकार की शिकायत या अनियमितता दिखाई दे तो वे रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा रेल मदद पर  संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


अन्य पोस्ट