रायपुर

तंबाकू छोडऩे से जीवन कई वर्ष बढ़ जाता है-संजीवनी हॉस्पिटल में जागरूकता कार्यक्रम
30-May-2026 6:51 PM
तंबाकू छोडऩे से जीवन कई वर्ष बढ़ जाता है-संजीवनी हॉस्पिटल में जागरूकता कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 मई। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर संजीवनी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल द्वारा तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों पर एक विशेष जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों, मरीजों, उनके परिजनों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि तंबाकू सेवन कैंसर सहित अनेक गंभीर बीमारियों का प्रमुख एवं रोके जा सकने वाला कारण है। तंबाकू का सेवन मुख, गले, फेफड़ों, भोजन नली तथा शरीर के अन्य अंगों में कैंसर होने के जोखिम को कई गुना बढ़ा देता है। विशेषज्ञों ने कहा कि तंबाकू छोडऩे का निर्णय किसी भी उम्र में लिया जाए, यह स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होता है और जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाता है।

इस अवसर पर डॉ. अर्पण, डॉ. विवेक पटेल, डॉ. विकास अग्रवाल एवं ने कहा कि तंबाकू में मौजूद हानिकारक रसायन शरीर की कोशिकाओं एवं डीएनए को नुकसान पहुंचाते हैं, जिससे कैंसर विकसित होने की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने लोगों से तंबाकू से दूर रहने तथा आवश्यकता पडऩे पर विशेषज्ञों की सहायता लेकर इसे छोडऩे का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि समय रहते तंबाकू त्यागने से कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

डॉ. अनिरुद्ध गुप्ता, डॉ. आयुष दुबे, डॉ. घनश्याम हटवार ने तंबाकू छोडऩे से होने वाले स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि धूम्रपान या तंबाकू का सेवन बंद करने के कुछ ही दिनों बाद शरीर में सकारात्मक बदलाव शुरू हो जाते हैं। फेफड़ों की कार्यक्षमता में सुधार आता है, रक्त संचार बेहतर होता है तथा समय के साथ हृदय रोग, स्ट्रोक और कैंसर का जोखिम कम होने लगता है। उन्होंने कहा कि तंबाकू छोडऩा केवल एक आदत छोडऩा नहीं, बल्कि स्वस्थ और लंबा जीवन चुनना है।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई । संजीवनी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ने कैंसर की रोकथाम, समय पर जांच एवं जनस्वास्थ्य जागरूकता के लिए निरंतर कार्य करते रहने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


अन्य पोस्ट