रायपुर

एक ही दिन में 3 खुदकुशी, जांच
29-May-2026 8:25 PM
एक ही दिन में 3 खुदकुशी, जांच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अभनपुर, 29 मई। अभनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीते दो दिनों में तीन अलग-अलग गांवों में आत्महत्या के मामले सामने आए हैं। वहीं, एक अन्य गांव में एक बुजुर्ग महिला का शव बंद कमरे में बरामद हुआ है। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम से मिली जानकारी के अनुसार, 27 और 28 मई की मध्य रात्रि को क्षेत्र के तीन अलग-अलग गांवों में आत्महत्या की घटनाएं दर्ज की गईं। इन सभी मामलों में कदम उठाने के कारण अभी अज्ञात हैं।

ग्राम कोलर के नाबालिग युवक शुभम साहू पिता बचछी साहू ने अज्ञात कारणों से जहर सेवन कर आत्महत्या कर ली।

मोहदी की सविता साहू (पति राधेश्याम साहू) ने भी अज्ञात कारणों से जहर खाकर अपनी जान दे दी।

ग्राम संकरी के चेतन विश्वकर्मा पिता हेमलाल विश्वकर्मा ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

थाना प्रभारी ने बताया कि इन तीनों प्रकरणों में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विस्तृत विवेचना की जा रही है।

बंद कमरे में मिली महिला की लाश

एक अन्य मामले में, आज सुबह (29 मई) मानिकचौरी में एक बुजुर्ग महिला भोजबाई रात्रे का शव उनके बंद कमरे में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया।

थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम ने बताया कि बुजुर्ग महिला की मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। वर्तमान में मौत का कारण अज्ञात है, हालांकि प्राथमिक तौर पर क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी की वजह से स्वास्थ्य बिगडऩे की संभावना भी व्यक्त की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट