रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 मई। शादी के दो महीने बाद महिला अपने घर से भाग गई। पति ने पत्नी पर घर से गहने और नगदी लेकर बॉयफ्रेंड से साथ भागने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है।
पीडि़त गगन साहू ने अपने आवेदन में बताया कि उसकी शादी अमलेश्वर निवासी युवती से 20 मार्च को हुई थी। दोनों के बीच करीब छह महीने से प्रेम संबंध रहा, जिसके बाद उन्होंने लव मैरिज की थी। शादी के बाद शुरुआती दिनों तक सब कुछ सामान्य रहा। इस दौरान महिला अपने मायके गई थी। जहां से वापस नहीं आई। आरोप है कि मायके जाने के दौरान उसकी पत्नी घर में रखे शादी के गहने और करीब 50 हजार रुपए अपने साथ ले गई। इसके बाद वह बिना किसी को बताए कहीं चली गई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।
परिजनों ने आशंका जताई है कि नवविवाहिता अपने पुराने बॉयफ्रेंड के साथ चली गई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
डीडी नगर थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़़त ने लिखित आवेदन किया है। मामले में परिजनों से पूछताछ के बाद महिला को थाना बुलाया गया है। जांच के बाद ही मामले में आगे कुछ कहा जा सकता है।


