रायपुर

सरकार अपना लोकतांत्रिक चरित्र खो चुकी है- बैज
28-May-2026 7:09 PM
सरकार अपना लोकतांत्रिक चरित्र खो चुकी है- बैज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 मई। शिवनंदनपुर प्रदर्शन से लौटे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि ढाई साल के शासनकाल में ही भाजपा की साय सरकार क्रूर और अत्याचारी बन गयी है। सरकार अपना लोकतांत्रिक चरित्र खो चुकी है। सरकार में बैठे हुए लोग लगातार विपक्ष का दमन करने में लगे है। जनहित के काम सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता में नहीं है। प्रदेश के विकास कार्य तथा जनकल्याणकारी योजनाएं ठप्प हो गयी है। कानून व्यवस्था बदतर हो गयी है, अपराध बढ़ गये है।

बैज ने कहा कि प्रदेश में नगरीय निकायों, पंचायतों के उपचुनाव चल रहे है, सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करके चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही, विपक्ष के कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमें दर्ज किये जा रहे है। सूरजपुर जिले के शिवनंदनपुर नगर पंचायत का  हुआ मामला ऐसा ही है।

 बैज ने कहा कि भाजपा को इस बात का अहसास हो गया है कि वह चुनाव हार रही है तो वह सत्ता का दुरुपयोग कर रही थी। प्रदेश में कही भी लोकतंत्र के दमन की कोशिश होगी हमारे कार्यकर्ताओं पर अत्याचार होगा कांग्रेस इस कुचक्र का डटकर मुकाबला करेगी। हम अपने एक-एक कार्यकर्ता के साथ खड़े है, हम अपने कार्यकर्ता को प्रताडि़त नहीं होने देंगे।

 बैज ने कहा कि जब से छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार आई है, अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, अपराधियों में कानून और पुलिस का खौफ खत्म होने लगा है। भाजपा के विधायक, अधिकारियों के साथ मारपीट कर रहे है। भाजपा के सीतापुर विधायक टोप्पो, तहसीलदार के साथ मारपीट करता है। भाजयुमो के नेता, पुलिस का कालर पकड़ते है। यह सरकार, पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग राजनैतिक विद्वेष को पूरा करने, विपक्षी दल के नेताओं को प्रताडि़त करने में कर रही है।


अन्य पोस्ट