रायपुर

यात्री किराया बढ़ाने की अनुमति मांगी
26-May-2026 5:50 PM
यात्री किराया बढ़ाने की अनुमति मांगी

बस संचालक परिवहन मंत्री से मिले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 मई। आज शाम कैबिनेट की बैठक के प्रकाश में छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ (बस  मालिक) के प्रतिनिधि मंडल ने परिवहन मंत्री केदार कश्यप से मुलाकात कर  ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर यात्री भाड़े में वृद्धि करने की अनुमति मांगी है। महासंघ ने कहा कि 15 दिनों में डीजल की कीमत 9 रूपया बढ़ गई है। इस वृद्धि की वजह से किराए में वृद्धि आवश्यक हो गया है। महासंघ ने 25 प्रतिशत वृद्धि की मांग की है।

महासंघ ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य में माह जुलाई, अगस्त, 2021 में यात्री बसों का किराया बढ़ाया जाने के लिये कारण सहित वृहद आंदोलन पूरे प्रदेश में किया गया था जिस पर शासन द्वारा बस संचालकों की कठिनाईयों को देखते हुए छत्तीसगढ़ राजपत्र दिनांक 30 सितंबर, 2021 के द्वारा आम यात्री बसों के यात्री किराये में वृद्धि की गयी थी तत्पष्वात् नवीन किराये की दर वर्तमान तक लागू थी।

महासंघ ने 11 मार्च, 25 के नवीन नोटिफिकेशन के तहत् छत्तीसगढ़ राज्य में यात्री किराये में लगभग 25 प्रतिशत की कमी कर दी गयी है, परिवहन विभाग द्वारा यह बताया गया है कि उच्च न्यायालय द्वारा यात्री किराया को राउंड फिगर में लेने बाबत् आदेशित किया गया है। इस कारण यात्री किराया को पुन: संशोधित किया जा रहा है।  जबकि उच्च न्यायालय द्वारा यात्री किराये में कमी किये जाने के संबंध में कोई आदेष पारित नहीं किया गया था बल्कि यात्री बस में चिल्हर की समस्या का हल किये जाने के लिये आदेशित किया गया था। न्यायालय के आदेश का अन्यथा मंतव्य व अर्थ निकालते हुए यात्री किराये में 25 प्रतिषत की भारी कमी कर दी गयी है। छत्तीसगढ़ राज्य में बस संचालकों को सामने भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है जिससे राज्य में यात्री बस सेवा पूर्व से ही समाप्त होने के कगार पर पहुंच गयी है। अब डीजल के मूल्य में भारी वृद्धि होने से बस संचालन किये जाने में भारी कठिनाई का सामना करना पड रहा है तथा 90 प्रतिशत से अधिक बस संचालकआर्थिक तंगी से बदहाल हो चुके हैं।

 छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पिछला किराया वर्ष 2021 में बढ़ाया था जो की 4 वर्ष बीत चुके हैं, वर्तमान में यात्री बसों के मूल्य में, बसों के चेचिस के मूल्य में, बस बॉडी के मूल्य में, डीजल के मूल्य में, टायर व बीमा के मूल्य में, मरम्मत के खर्च में, समस्त स्पेयर पार्टस की कीमतें तथा चालक-परिचालक के पारिश्रमिक में भारी वृद्धि हो चुकी है। इसके उपरांत भी मंहगाई के कारण 05 वर्ष बाद भी किराया बढ़ाये जाने की मांग लगातार छत्तीसगढ़ शासन से की जाती रही है। महासंघ ने 11 मार्च,25 के आदेश को निरस्त करने की भी मांग की है।


अन्य पोस्ट