रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 मई। बीते दिनों शहर में दो जगहों पर चोरियां हुई। इनमें माना कैम्प इलाके के एक खिलौने की दुकान में चोरों ने सेंधमारी कर दी। अज्ञात चोर ने दुकान से नकदी सहित हजारों का सामान पार कर दिया। वहीं टिकरापारा में घर के सामने रखी बाइक चुरा ले गए। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक डुमरतराई फुट मार्केट स्थित शॉप नंबर-4 में सुनील ट्रेडिंग कंपनी के नाम से खिलौनों की दुकान संचालित है। सुनील कुमार साधवानी ने दुकान में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि 23 और 24 मई की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने दुकान के शटर में लगे ताले को तोडक़र अंदर प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
सुनील कुमार ने बताया कि 24 मई की सुबह करीब 10.30 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचा तो शटर खुला मिला और ताले टूटे हुए थे। अंदर जाकर देखने पर दुकान में रखा प्रिंटर, लैपटॉप, कीबोर्ड, 1 टीबी पेन ड्राइव, गल्ले में रखे 16 हजार रुपए और अन्य सामान गायब थे।
मामले में पुलिस ने धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से अज्ञात चोरों की तलाश कर रही है। वहीं टिकरापारा इलाके के एक मकान से बाइक चोरी हो गई। कृष्णानगर राधाविहार निवासी हजारीमल प्रजापति, जो पेशे से टाइल्स मिस्त्री हैं, ने पुलिस को बताया कि उनकी बाइक सीजी 04सीक्यू9634 को शाम 6 बजे काम से लौटने के बाद बाइक को घर के सामने खड़ा किया था।
अगली सुबह उठकर देखा तो बाइक वहां नहीं था। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चला। चोरी गए बाइक की कीमत 20 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने मामले में धारा 305 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


