रायपुर

औषधीय खेती अपनाने किसानों को प्रशिक्षण
26-May-2026 5:46 PM
औषधीय खेती अपनाने किसानों को  प्रशिक्षण

छत्तीसगढ़ हर्बल राजधानी बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है- अंजय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 मई। राज्य वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, रायपुर स्थित बोर्ड कार्यालय परिसर में धान की खेती के बदले औषधि पौधों की खेती विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।

अपने संबोधन में अंजय शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ विश्व की हर्बल राजधानी बनने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से बोर्ड औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा दे रहा है। विशेष रूप से उन किसानों के लिए यह बेहतर विकल्प है, जो पारंपरिक रूप से धान की खेती करते हैं, जिसमें लागत अधिक और लाभ अपेक्षाकृत कम होता है।

उन्होंने बताया कि औषधीय पौधों की खेती में लागत और मेहनत कम होने के साथ लाभ अधिक मिलता है। बोर्ड किसानों को निशुल्क पौधे उपलब्ध कराने के साथ प्रशिक्षण और अध्ययन भ्रमण की सुविधा भी देता है।  कार्यशाला में औषधीय पौधों की खेती के सलाहकार डी.के.एस. चौहान (सेवानिवृत्त वनमंडलाधिकारी) ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से किसानों को ब्राह्मी और वच जैसी फसलों की खेती की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन फसलों की खेती धान के खेतों में भी आसानी से की जा सकती है।

दूसरे चरण में किसानों को कम पानी वाले खेतों में लेमनग्रास, खस और सिट्रोनेला जैसे सुगंधित पौधों की खेती की तकनीक के बारे में चरणबद्ध जानकारी दी गई। कार्यशाला के दौरान किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।कार्यक्रम के अंत में अंजय शुक्ला ने किसानों को सिंदूरी पौधों का वितरण किया और आश्वस्त किया कि औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देने के लिए बोर्ड हरसंभव सहयोग करता रहेगा। उन्होंने कहा कि किसानों को आवश्यकता पडऩे पर प्रशिक्षण और एक्सपोजर विजिट भी कराई जाएगी, ताकि खेती के इस मॉडल से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। कार्यशाला में डी.के.एस. चौहान, प्रगति पटेल, दिनेश खूंटे, राकेश यादव सहित धरसीवा क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट