रायपुर
रायपुर, 24 मई। भाजपा के प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव के बीच छिड़ी जंग पर कटाक्ष किया है। डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस में इस समय वरिष्ठ नेताओं के अपमान और 'यूज़ एंड थ्रो' का खेल चल रहा है। युवा नेतृत्व का ढोंग रचकर अपने ही बुजुर्ग नेताओं को दरकिनार और जलील कर रही है।यह विवाद साफ करता है कि कांग्रेस में अब बुजुर्ग नेताओं का दौर और सम्मान पूरी तरह खत्म हो रहा है।
मार्कण्डेय ने तंज कसते हुए कहा कि जितनी उम्र आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बैज की है, उससे कहीं ज्यादा उम्र का राजनीतिक और सामाजिक अनुभव पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव के पास है। लेकिन सत्ता और अहंकार के नशे में चूर कांग्रेस की नई पौध अपने ही दिग्गजों को हाशिए पर धकेलने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेताओं की पीठ में छुरा घोंपा हो। सिंहदेव के साथ ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री पद के वादे से लेकर आज तक जो कुछ भी हुआ, वह कांग्रेस की इसी कूटनीति का हिस्सा है।