रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 मई। युवक कांग्रेस ने रविवार से प्रदेश में युवा कांग्रेस का डिजिटल सदस्यता अभियान शुरू हो गया है। 75 रुपए में कोई भी युवा युकां की मेंबरशिप ले सकता है। इसके साथ ही प्रदेश में संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया भी शुरु हो गई है ।
राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की गई। इस दौरान संगठन के नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया, सदस्यता अभियान और युवा नेतृत्व तैयार करने की रणनीति की जानकारी दी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, युवा कांग्रेस के प्रभारी अमित पठानिया, सह प्रभारी मोनिका मांडरे, भारतीय युवा कांग्रेस के मुख्य चुनाव आयुक्त जसप्रीत सिंह, चुनाव अधिकारी राकेश नेगी और युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा मौजूद रहे।
संगठन के मुख्य चुनाव आयुक्त जसप्रीत सिंह ने बताया कि संगठनात्मक चुनाव ब्लॉक, विधानसभा, जिला और प्रदेश स्तर पर कराए जाएंगे। इसके लिए आज से ही सदस्यता अभियान भी चलाया जाएगा।
चुनाव अधिकारी ने बताया कि युवा कांग्रेस में अलग अलग पदों पर चुनाव के लिए नामांकन 29 मई से शुरू होकर 13 जून तक चलेगा। ब्लॉक, विधानसभा और जिला स्तर पर 29 मई से नामांकन होगा। शीर्ष पद अध्यक्ष और महासचिव के लिए 11 से 13 जून तक नामांकन होगा। चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी और तारीखें आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी।
कांग्रेस भवन में रविवार को जिला अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए इंटरव्यू पैनल भी बैठा। चुनाव अधिकारी के मुताबिक, जिला अध्यक्ष पद के इच्छुक नेताओं का इंटरव्यू लिया जा रहा है। इस प्रक्रिया में ‘हाई परफार्मर’ के रूप में अप्रूव होने वाले नेता ही जिला अध्यक्ष का चुनाव लड़ सकेंगे। प्रदेश अध्यक्ष के लिए दिल्ली में युवा कांग्रेस के मुख्यालय में इंटरव्यू होगा। जिला और प्रदेश अध्यक्ष के पद पर हाई परफॉर्मर ही चुनाव लड़ सकेंगे।
अलग से चुनाव प्राधिकरण और रिटर्निंग ऑफिसर्स की नियुक्ति की गई है। राज्य और जोन स्तर पर टीम बनाई गई है, जो पूरे चुनाव की निगरानी करेगी।