रायपुर
रायपुर, 21 मई। छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालयीन पेंशनर्स कल्याण संघ ने साइंस कॉलेज हॉस्टल के सामने स्थित बंद सडक़ को फिर से खोलने की मांग उठाई है। संघ के प्रांताध्यक्ष प्रदीप मिश्र और महासचिव शिरीष त्रिवेदी ने कहा कि यह मार्ग पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से आम लोगों के लिए खुला था, जिसे कुछ माह पहले साइंस कॉलेज प्रबंधन ने गेट लगाकर बंद कर दिया। संघ के अनुसार यह सडक़ पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रेलवे आरक्षण केंद्र और विप्र कॉलेज जाने का प्रमुख मार्ग रही है। सडक़ बंद होने से सुंदर नगर, अश्वनी नगर, डंगनिया और रायपुरा क्षेत्र से आने वाले छात्र-छात्राओं, पालकों और अन्य लोगों को अब लंबा घुमावदार रास्ता तय करना पड़ रहा है।पेंशनर्स संघ ने यह भी कहा कि गेट बंद होने से सेवानिवृत्त कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संघ के पदाधिकारियों ने निगम आयुक्त संबित मिश्रा, महापौर मीनल चौबे और जोन-5 आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर मार्ग को पूर्ववत खोलने की मांग की।


