रायपुर

एयरपोर्ट के 30 फीट ऊंचे सीलिंग में काम कर रहे इलेक्ट्रिशियन की गिरने से मौत
21-May-2026 6:36 PM
एयरपोर्ट के 30 फीट ऊंचे सीलिंग में काम कर रहे इलेक्ट्रिशियन की गिरने से मौत

कोई सुरक्षा उपकरण नहीं दिए गए थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 मई। माना एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह हुए हादसे में एक इलेक्ट्रिशियन की मौत हो गई। एयरपोर्ट परिसर के भीतर  पैसेंजर लाउंज में 30 फीटकी ऊंचाई पर सीलिंग (छत) की मरम्मत का काम करते समय यह मजदूर अचानक अनियंत्रित होकर सीधे नीचे आ गिरा। जहां कुछ यात्री चेक इन के लिए खड़े थे। वह उनके बीच आ गिरा। उसके सिर के बल गिरने की जानकारी दी गई है। ऊंचाई से गिरने के कारण मजदूर को गंभीर चोटें आई हैं। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।

इसकी  पुष्टि करते हुए माना टीआई ने बताया कि कर्मचारी  इलेक्ट्रिशियन का का काम करता था। आज सुबह भी वह सीलिंग के भीतर इलेक्ट्रिक कनेक्शन का काम कर रहा था उसी दौरान यह हादसा हुआ। उसका नाम  कुबेरचंद साहू 28 निवासी जी जामगांव है। वह, एयरपोर्ट  प्रबंधन से अनुबंधित इलेक्ट्रिक ठेकेदार का कर्मचारी था।

दूसरी ओर इस हादसे ने ऐसे  सरकारी परिसरों में भी श्रमिकों को काम के बदले दिए जा रहे सुरक्षा उपायों की पोल खोलकर रख दी है।चश्मदीदों के अनुसार, घायल मजदूर बिना किसी ‘सेफ्टी बेल्ट’ और सुरक्षा उपकरणों के इतनी ऊंचाई पर सीलिंग का खतरनाक काम कर रहा था। काम के दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वह सीधे नीचे मोटे टाइल्स पर आ गिरा।

चक्कर, बेहोशी पर गिरा - एयरपोर्ट प्रबंधन

इस घटना पर एयरपोर्ट प्रबंधन ने दोपहर एक बयान जारी कर कहा कि एयरपोर्ट के सिक्योरिटी होल्ड एरिया के प्रथम तल सीलिंग पर सुधार कार्य के दौरान विद्युत संविदा कर्मी  कुबेर चंद्र साहू को अत्यधिक गर्मी के कारण अचानक चक्कर एवं बेहोशी महसूस हुई, जिसके उपरांत वे फॉल्स सीलिंग की ऊँचाई से नीचे गिर गया।उसे एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा तुरंत निकटतम अस्पताल भेजा गया। जहां मृत घोषित कर दिया गया।

एयरपोर्ट प्रबंधन  घटना के कारणों की जांच कर रहा है। साथ ही संबंधित ठेका एजेंसी से  मृतक के परिजनों को सहायता एवं सहयोग प्रदान किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट