रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 मई। आरंग और डीडीनगर इलाके में दो जगहों पर चोरी हो गई। अज्ञात व्यक्ति ने सूने मकान और ठेले में गुटखा लेने गए युवक की मोपेड सहित लाखों के जेवर नगदी पार कर दिए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ 305, 331-4 का अपराध दर्ज किया है।
आरंग पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम चपरीद निवासी ओमप्रकाश गायकवाड ने बताया कि 19 मई को वह अपनी फैंसी दुकान बंद कर किराए के मकान में ताला लगाकर परिवार के साथ गांव चले गए थे। 20 मई की सुबह 9 बजे वापस लौटने पर देखा कि मकान के मेन गेट और बेडरूम के दरवाजों का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर गोदरेज आलमारी का ताला भी टूटा मिला।
अज्ञात चोर आलमारी में रखे 10 हजार रुपए, सोने का मंगलसूत्र, कान का झुमका, चांदी की पायल समेत 80 हजार रुपए का सामान चोरी कर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर डीडीनगर थाना में धर्मेन्द्र निर्मलकार ने मोपेड चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह जय भोले ट्रेडर्स में मजदूरी का काम करता है। जहां उसे काम के लिए टीवीएस एक्सल 100 मोपेड दिया गया था। 17 मई को वह काम से सरोना गया था। सुबह 10.30 बजे वह रिंग रोड 1 के जेगवार शोरूम के पास पान ठेला के सामने चाबी लगी मोपेड खड़ी कर गुटखा लेने गया था। 15 मिनट बाद वापस लौटने पर मोपेड वहां से गायब था। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चला। चोरी हुई मोपेउ कि कीमत 15 हजार बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


