रायपुर

सोना खरीदने की अपील के खिलाफ कांग्रेस की मुहिम
20-May-2026 6:18 PM
सोना खरीदने की अपील के खिलाफ कांग्रेस की मुहिम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोना नहीं खरीदने की अपील के विरोध में मंगलवार को शहर जिला कांग्रेस ने रायपुर के सराफा कारोबारियों, सोनारों और स्वर्ण कारीगरों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस अपील से सराफा कारोबार और इससे जुड़े हजारों परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी।कार्यक्रम की शुरुआत कोतवाली चौक से हुई, जहां से कांग्रेसजन सदर बाजार और बूढ़ापारा क्षेत्र के विभिन्न ज्वेलरी शोरूम एवं दुकानों तक पहुंचे।  कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि अधिकांश लोगों ने सोना नहीं खरीदने की अपील को अव्यावहारिक बताते हुए इसका विरोध किया।  कारीगरों ने यह भी कहा कि कारोबार प्रभावित होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है तथा ऋण चुकाने में कठिनाई आएगी।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। बैठक में मौजूद सोनार और स्वर्ण कारीगरों ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में इस फैसले को लागू करना चाहती है तो प्रभावित परिवारों के लिए राहत पैकेज या आर्थिक सहायता की व्यवस्था की जानी चाहिए। वहीं आम लोगों ने सरकारी खर्चों में कटौती, आईपीएल जैसे आयोजनों पर रोक तथा जनप्रतिनिधियों के वेतन और पेंशन का एक वर्ष तक राष्ट्रहित में उपयोग करने जैसी मांगें भी उठाईं।कार्यक्रम में शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, प्रमोद दुबे, विकास उपाध्याय, कुलदीप जुनेजा, पंकज शर्मा, मनोज कंदोई, ज्ञानेश शर्मा, एजाज ढेबर, मोहम्मद असलम, देवेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और व्यापारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट