रायपुर
रायपुर, 19 मई। घर बैठे पोर्टल से आनलाइन दवा खरीदी और होम डिलीवरी की कोरोना काल से चली आ रही व्यवस्था को बंद करने की मांग को लेकर प्रदेश के 20 हजार दवा दुकानदार कल अपना कारोबार बंद करेंगे। राजधानी की 3 हजार दुकानें भी बंद रहेंगी। सभी दुकानदार मेडिकल कांप्लेक्स रजबंधा मैदान में एकत्रित होकर विरोध करेंगे। शाम को सभी पीएम मोदी के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। इस बीच कांग्रेस के चिकित्सा प्रकोष्ठ ने दवा दुकानदारों का समर्थन किया है। प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राकेश गुप्ता ने जिला दवा विक्रेता संघ केअध्यक्ष /सचिव, को पत्र लिखकर कहा कि पूरे ऑनलाइन दवा कंपनियों की वजह से हमारे स्थानीय छोटे और मंझोले व्यापारियों के अस्तित्व पर संकट गहरा गया है। ऑनलाइन दवा बिक्री से हमारे व्यापारियों का व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, जिससे न केवल आर्थिक नुकसान हो रहा है बल्कि स्थानीय रोजगार पर भी संकट मंडरा रहा है। दवाओं जैसी संवेदनशील वस्तु की ऑनलाइन बिक्री में गुणवत्ता और नियमों की अनदेखी होने की संभावना बनी रहती है, जो जनस्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा है। बड़ी विदेशी और ऑनलाइन कंपनियां भारी छूट का लालच देकर स्थानीय बाजार को खत्म करने का प्रयास कर रही हैं, जिससे आने वाले समय में लोकल व्यापार पूरी तरह समाप्त हो सकता है।


