रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 मई। कोतवाली इलाके में सराफा कारोबारी के यहां 2.30 करोड़ के जेवर गबन का मामला सामने आया है। वहां के कर्मी पर करीब डेढ़ किलो सोना गबन करने का आरोप लगा है। सदर बाजार स्थित मनोहरमल एंड कंपनी के संचालक सुरेश कुमार भंसाली ने अपने कर्मचारी सूरज साहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस डायरी से मिली जानकारी के मुताबिक सुरेश कुमार भंसाली सदर में मनोहरमल एंड कंपनी के नाम से ज्वेलरी दुकान संचालित करते हैं। आरोपी सूरज साहू पिछले लगभग 16 वर्षों से दुकान में काम करता था। पुराना कर्मचारी होने के कारण सुरेश उस पर भरोसा कर ज्वेलरी का काम उसे सौप दिया। इस दौरान सूरज को दुकान में प्रतिदिन डिस्प्ले में रखे सोने-चांदी के आभूषणों को वापस लॉकर में सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी दी गई थी।
सुरेश भंसाली ने बताया गया कि 9 अप्रैल को आरोपी सूरज साहू रोज की तरह दुकान बंद होने के समय जेवरात लॉकर में रखने थे, लेकिन उसने ज्वेलरी का सामान लॉकर में जमा न कर अपने पास रख लिया। शुरू में इसकी जानकारी नहीं हो सकी। लेकिन 13 अप्रैल को स्टॉक मिलान करने पर सोने के जेवरात के स्टॉक में कमी पाई गई। जांच में दुकान से 1495 ग्राम 670 मिलीग्राम सोना गायब पाया गया।
इसके बाद दुकान के सभी कर्मचारियों से इस बारे में पूछताछ की गई। पर कोई जानकारी नहीं मिली। तब शक होने पर दुकान में लगे सीसीटीव्ही कैमरा चेक करने पर फुटेज में आरोपी सूरज साहू 9 अप्रैल की शाम जेवरात को लॉकर में रखने के बजाय अपने साथ ले जाते दिखाई दिया।
तब संचालक सुरेश भंसाली ने इसकी शिकायत कोतवाली में दर्ज कराई। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने सूरज साहू के खिलाफ गबन का प्रकरण दर्ज किया गया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


